रीवा रेलवे स्टेशन हादसे में मजदूर की मौत, शव रखकर रीवा-सतना मार्ग जाम

रीवा रेलवे स्टेशन हादसे में मजदूर की मौत, शव रखकर रीवा-सतना मार्ग जाम

रीवा। रीवा रेलवे स्टेशन पर फुटब्रिज निर्माण के दौरान हुए हादसे में 50 वर्षीय मजदूर इंद्रपाल साकेत की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सोमवार रात उपचार के दौरान मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने शव रीवा-सतना मुख्य मार्ग पर रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित रहा।

कंक्रीट प्रेशर पाइप फटने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक चोरहटा थाना क्षेत्र के खैरी बस्ती निवासी इंद्रपाल साकेत रविवार दोपहर रीवा रेलवे स्टेशन पर फुटब्रिज निर्माण कार्य में लगे थे। इसी दौरान अचानक कंक्रीट का प्रेशर पाइप फट गया। इसकी चपेट में आने से इंद्रपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक ठेकेदार के अधीन मजदूरी कर रहा था।

30 लाख मुआवजा और नौकरी की मांग

मौत की खबर मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। शव को रीवा-सतना मार्ग पर रखकर चक्काजाम किया गया। प्रदर्शन कर रहे परिजनों की मांग है कि मृतक के परिवार को 30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए।

इसके साथ ही परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार ठेकेदार और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप भी लगाया है।

मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन

चक्काजाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से चर्चा कर उनकी मांगें सुनीं और जांच एवं उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। देर तक चले प्रदर्शन के कारण मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post