100 से ज्यादा शिकायतें, फिर भी नहीं मिली सुनवाई! सीएम हेल्पलाइन के ‘निराकरण’ पर सवाल

100 से ज्यादा शिकायतें, फिर भी नहीं मिली सुनवाई! सीएम हेल्पलाइन के ‘निराकरण’ पर सवाल

रीवा। प्रदेश सरकार की सीएम हेल्पलाइन व्यवस्था की जमीनी स्थिति को लेकर एक पीड़ित परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। परिवार का दावा है कि उसने सीएम हेल्पलाइन 181 पर 100 से अधिक बार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कई शिकायतों का मौके पर जांच किए बिना ही पोर्टल पर निराकरण दर्ज कर दिया गया। परिवार का आरोप है कि आज तक एक भी बार संबंधित अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच नहीं की।

परिवार के मुताबिक बिजली विभाग से जुड़ी समस्या को लेकर भी सीएम हेल्पलाइन पर 16 बार शिकायत की गई। आरोप है कि हर बार पोर्टल पर शिकायत का निराकरण दर्ज कर दिया गया, लेकिन मौके पर समस्या बनी रही। परिवार का कहना है कि ऑनलाइन सिस्टम में शिकायत बंद होने के बावजूद वास्तविक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

पुलिस चौकी में 16 से अधिक आवेदन

पीड़ित परिवार ने बताया कि मामले को लेकर लालगांव पुलिस चौकी में भी 16 से अधिक लिखित आवेदन दिए जा चुके हैं। परिवार का आरोप है कि आवेदन लेने के बाद भी लालगांव बीट प्रभारी द्वारा मौके पर पहुंचकर जांच नहीं की गई। उनका कहना है कि बार-बार आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी।

SDM कार्यालय में भी दिए 12 आवेदन

परिवार के अनुसार सिरमौर एसडीएम कार्यालय में भी समस्या के समाधान के लिए 12 आवेदन दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया है। परिवार का कहना है कि हर बार आश्वासन मिलने के बाद उन्हें वापस लौटना पड़ा।

अब निष्पक्ष जांच की मांग

लगातार शिकायतों और आवेदनों के बाद भी समाधान नहीं होने से परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निराकरण की वास्तविकता की जांच की जाए और यदि बिना मौके की जांच किए शिकायतें बंद की गई हैं तो जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई हो।

परिवार ने प्रशासन से पूरे मामले में मौके पर जांच कराने और समस्या का स्थायी समाधान कर न्याय दिलाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post