![]() |
| कृषि वैज्ञानिकों और अधिकारियों ने खेतों का किया निरीक्षण, किसानों को उन्नत उत्पादन तकनीक एवं कीट नियंत्रण की दी सलाह |
रीवा। उपसंचालक कृषि रीवा के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, दलहन एवं तिलहन मिशन, सब मिशन ऑन न्यूट्रिशनल सीरियल्स तथा सॉइल हेल्थ एंड फर्टिलिटी कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड गंगेव के विभिन्न गांवों में फसलों का भौतिक सत्यापन किया गया। कृषि विभाग, आत्मा परियोजना एवं कृषि वैज्ञानिकों के दल ने ग्राम रजहा, बेलवा कुर्मियान, बेलवा बड़गयां एवं देवास पहुंचकर कृषकों के खेतों का भ्रमण किया। इस दौरान प्रदर्शन प्लॉट का कृषि मैपर में जियोटैग भी किया गया।
सत्यापन दल में कृषि वैज्ञानिक रीवा डॉ. एमएल वर्मा, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शिवसरण सरल, आत्मा परियोजना के तकनीकी प्रबंधक दीपक कुमार श्रीवास्तव तथा कृषि विस्तार अधिकारी बबिता साकेत एवं युगल किशोर प्रधान शामिल रहे।
धान, रागी और दलहन फसलों का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के तहत उपेंद्र पटेल, अरुण पटेल एवं भीमसेन पटेल के खेतों में धान की फसल का निरीक्षण किया गया। वहीं सब मिशन ऑन न्यूट्रिशनल सीरियल्स के अंतर्गत शेषमणि पटेल, अच्छेलाल पटेल एवं मोतीलाल सिंह के खेतों में रागी की फसल देखी गई। दलहन मिशन के तहत अरहर, उड़द एवं मूंग की फसलों की स्थिति का भी अधिकारियों और वैज्ञानिकों ने जायजा लिया।
धान में पत्ती लपेटक कीट की समस्या
निरीक्षण के दौरान अधिकांश खेतों में पत्ती लपेटक कीट (Leaf Folder Insect) की समस्या दिखाई दी। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार इस कीट की सूंडियां पत्तियों को आपस में जोड़कर लपेट लेती हैं और उनके अंदर छिपकर पत्तियों की हरी सतह एवं क्लोरोफिल को खुरचकर नुकसान पहुंचाती हैं। इससे पौधों की प्रकाश संश्लेषण क्षमता प्रभावित होने के साथ फसल की वृद्धि पर भी असर पड़ सकता है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को फसल की स्थिति और स्थानीय कृषि विभाग की अनुशंसा के अनुसार कीट नियंत्रण के लिए निम्न में से किसी एक विकल्प के उपयोग की सलाह दी है—
- Indoxacarb 14.5 SC या 15.8 EC — 15 से 20 मिली प्रति 15 लीटर पानी।
- Emamectin Benzoate 5% — 10 से 12 ग्राम प्रति 15 लीटर पानी।
- Indoxacarb 4.5% + Novaluran 5.25% — 30 मिली प्रति 15 लीटर पानी।
- Flubendiamide 8.33% + Deltamethrin 5.56% — 12 मिली प्रति 15 लीटर पानी।
- Novaluran 5.25% + Emamectin Benzoate 0.9% — 25 मिली प्रति 15 लीटर पानी।
- Profenofos + Cypermethrin — 40 मिली प्रति पंप।
- Chlorpyrifos + Cypermethrin — 40 मिली प्रति पंप।
कृषि विभाग ने किसानों से कीटनाशकों का प्रयोग लेबल पर दिए निर्देशों तथा स्थानीय कृषि विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार करने की अपील की है।
किसानों को उत्पादन तकनीक की दी जानकारी
वैज्ञानिक दल एवं कृषि विभाग के अधिकारियों ने खेतों की स्थिति का अवलोकन करने के साथ किसानों और महिला कृषकों को उन्नत उत्पादन तकनीक, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक प्रबंधन और फसल विविधीकरण के संबंध में तकनीकी मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार संतुलित मात्रा में उर्वरकों के इस्तेमाल के लिए प्रेरित किया।
दलहन, तिलहन और मोटे अनाज के उत्पादन पर जोर
कृषि विभाग के अनुसार भ्रमण एवं प्रशिक्षण का उद्देश्य दलहन, तिलहन तथा पोषणयुक्त मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देना, मृदा स्वास्थ्य का संरक्षण, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करना और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।
इस दौरान किसानों को फार्मर आईडी बनवाने तथा रबी फसलों के लिए उर्वरकों का अग्रिम उठाव करने के लिए भी प्रेरित किया गया। विभाग ने किसानों से योजनाओं का लाभ लेने और कृषि वैज्ञानिकों द्वारा दी जा रही तकनीकी सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन करने की अपील की।
