![]() |
| सेवा सेतु अभियान में किसानों को बांटे हितलाभ प्रमाण पत्र, प्राकृतिक खेती और उन्नत कृषि को दिया बढ़ावा |
रीवा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मनगवां में सेवा सेतु अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति, जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व संजय जैन, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी शिवसरण सरल, आत्मा परियोजना से दीपक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान आत्मा योजना के अंतर्गत उड़द दलहन प्रदर्शन का हितलाभ प्रमाण पत्र ग्राम बेलवा पैकान निवासी कपिलमुनि कुशवाहा को प्रदान किया गया। वहीं राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन के तहत ग्राम ध्वईया निवासी प्रगतिशील किसान रामशरण तिवारी को जैव आदान संसाधन केंद्र से संबंधित हितलाभ प्रमाण पत्र दिया गया।
इसी तरह राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत ग्राम बेलवा पैकान के रामबली सिंह, गोदरी-10 के कमल नेभाय त्रिपाठी, कठेरी के प्रिंस पांडे, मनगवां के रामकृपाल साकेत एवं बसंती साकेत, बेलवा पैकान के रामफल मिश्रा, गोदरी के दीपक मिश्रा तथा लालगांव के मनोज सिंह को योजनाओं के हितलाभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस दौरान प्रगतिशील कृषक रामशरण तिवारी सहित अन्य किसानों ने कृषि योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव जनप्रतिनिधियों के समक्ष साझा किए। किसानों ने बताया कि योजनाओं के माध्यम से उन्हें आधुनिक एवं प्राकृतिक खेती की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
किसानों को योजनाओं से जोड़ने की अपील
कार्यक्रम के दौरान किसानों को फार्मर आईडी बनवाने, ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरकों का अग्रिम उठाव करने, पीएम प्रणाम योजना की जानकारी लेने, नैनो उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।
