![]() |
| कोरेक्स की शीशियों की माला पहनकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, झाड़ू लगाकर दिया नशामुक्ति का संदेश |
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के साथ स्वच्छ और नशामुक्त समाज का संदेश देना रहा। कोरेक्स की खाली शीशियों से बनाई गई माला के जरिए समिति ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया। कार्यकर्ताओं ने लोगों से नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से आवाज उठाने की अपील की।
समिति अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। कोरेक्स सहित अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त में आकर युवा अपना स्वास्थ्य खराब करने के साथ परिवार को आर्थिक और सामाजिक संकट में भी डाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें समय रहते नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। समिति ने कहा कि स्वच्छता अभियान के साथ नशामुक्ति को भी जनआंदोलन बनाने की जरूरत है।
कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष सुजीत द्विवेदी, उमा द्विवेदी, वसुंधरा, विशाल, प्रगति और भारत सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वसुंधरा का आठ माह का पुत्र विक्रमादित्य भी मौजूद रहा। समिति सदस्यों ने युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।
