निगौरा स्टेशन पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

निगौरा स्टेशन पर गांजे की बड़ी खेप पकड़ी, दो तस्कर गिरफ्तार

अनूपपुर - दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनूपपुर क्षेत्र में आरपीएफ टास्क फोर्स ने नशे की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगौरा रेलवे स्टेशन से गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कुल 15.540 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.77 लाख रुपए बताई गई है। जानकारी के अनुसार रात करीब 1:15 बजे सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में आरपीएफ टास्क फोर्स की टीम निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। दोनों ने भेष बदल रखा था। आरपीएफ टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद कपड़ों की पोटलियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पोटलियों से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने पर दोनों को हिरासत में ले लिया गया।

दोनों के पास अलग-अलग मात्रा में गांजा

आरपीएफ के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसा नाथ (40) निवासी जिला संगरूर, पंजाब और मनता नाथ उर्फ लंबू (39) निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान हंसा नाथ के कब्जे से 7.280 किलोग्राम तथा मनता नाथ के पास से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों से कुल 15.540 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।

पुलिस को सौंपे आरोपी

आरपीएफ टीम ने जब्त गांजे और दोनों आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना जैतहरी के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2026 दर्ज कर धारा 8/20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजे की खेप कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाना था। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आरपीएफ द्वारा की गई इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मामले में आगे की जांच के आधार पर तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post