ईद मिलादुन्नबी की तैयारी के बीच पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप, चार झुलसे

ईद मिलादुन्नबी की तैयारी के बीच पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप, चार झुलसे

मऊगंज। लौर थाना क्षेत्र के ग्राम अलहौवा में ईद मिलादुन्नबी की तैयारियों के बीच एक गंभीर घटना सामने आई है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने मौके पर मौजूद लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से चार लोग झुलस गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार 26 अगस्त को होने वाले ईद मिलादुन्नबी पर्व की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब 7 बजे अलहौवा निवासी राम रईस जायसवाल पेट्रोल लेकर वहां पहुंचा और कथित रूप से वहां बैठे लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगते ही मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना में अजहरुद्दीन उर्फ राजू गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल उपचार के लिए रीवा ले जाया गया, जहां संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बचाने के प्रयास में तीन अन्य झुलसे

घटना के दौरान अजहरुद्दीन को बचाने के प्रयास में मोहम्मद सद्दाम, अनवर अली और अजहरुद्दीन के भाई अतीक अहमद भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। एक साथ चार लोगों के झुलसने की घटना से गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कारण की जांच में जुटी पुलिस

पेट्रोल डालकर आग लगाने के पीछे आरोपी का क्या मकसद था और घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों के साथ उसका किस बात को लेकर विवाद था, इसकी स्पष्ट जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। पुलिस पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना में गंभीर रूप से घायल अजहरुद्दीन का रीवा के संजय गांधी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस से अपेक्षा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार व्यक्ति की भूमिका को स्पष्ट किया जाए तथा कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post