![]() |
| बस स्टैंड में गड्ढे या हादसे का इंतजार? जलभराव ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था |
मऊगंज। शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था के दावों के बीच सिंचाई विभाग परिसर में बनाए गए नए बस स्टैंड की बदहाल स्थिति यात्रियों और बस संचालकों के लिए चिंता का कारण बन गई है। जलभराव के चलते बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। स्थिति यह है कि बसों को इन गड्ढों से निकालते समय उनका संतुलन तक बिगड़ रहा है और वाहन एक ओर लटकते नजर आते हैं।
बारिश के बाद बस स्टैंड परिसर में पानी जमा होने से सड़क और गड्ढों की स्थिति का सही अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में बस चालकों को बेहद सावधानी से वाहन निकालना पड़ रहा है। बसों के अलावा यहां आने-जाने वाले यात्रियों, बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
हादसे से पहले मरम्मत की मांग
बस संचालकों का कहना है कि यदि समय रहते परिसर की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर परिषद अध्यक्ष और जिला कलेक्टर से बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कराकर गड्ढों को भरवाने, जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है।
बस संचालकों का कहना है कि बस स्टैंड ऐसा स्थान है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री पहुंचते हैं। इसलिए यहां की सड़क और यातायात व्यवस्था मजबूत होना जरूरी है। सवाल यही है कि प्रशासन किसी हादसे के बाद जागेगा या उससे पहले बस स्टैंड को सुरक्षित बनाने की पहल करेगा?
