रीवा-मऊगंज में अकीदत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजा अमन-चैन का संदेश

रीवा-मऊगंज में अकीदत से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजा अमन-चैन का संदेश

रीवा-मऊगंज - ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व बुधवार को रीवा और मऊगंज जिले में धार्मिक उत्साह, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। नईगढ़ी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाले गए। इनमें बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। जुलूस के दौरान देश में अमन-चैन, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआएं मांगी गईं।

पर्व को लेकर सुबह से ही मस्जिदों और घरों में कुरआन ख्वानी एवं मिलाद शरीफ का आयोजन हुआ। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन, उनके प्रेम, इंसानियत और भाईचारे के संदेश को याद किया। इसके बाद जामा मस्जिद परिसर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।

फूलों की बारिश से हुआ स्वागत

हाफिज मोहम्मद फैज, जामा मस्जिद के सदर कमरुद्दीन खान और इमाम गुलशेर खान की अगुवाई में निकला जुलूस किला परिसर और मुख्य मार्गों से होते हुए वापस जामा मस्जिद पहुंचा। जुलूस में शामिल लोगों के हाथों में हरे और सफेद झंडे नजर आए। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और बच्चों पर फूलों की बारिश की। इस दौरान ‘सरकार की आमद मरहबा’, ‘नारे तकबीर, अल्लाह-हू-अकबर’ और ‘पत्ती-पत्ती फूल-फूल, या रसूल-या रसूल’ जैसे नारे गूंजते रहे। बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं की भागीदारी से पूरे मार्ग पर उत्साह का माहौल बना रहा। इमाम हाफिज मोहम्मद फैज ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद साहब ने दुनिया को इंसानियत, मोहब्बत और अमन का संदेश दिया। उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में भाईचारा और शांति कायम रखने का प्रयास करना चाहिए।

जिलेभर में दिखा धार्मिक उत्साह

नईगढ़ी के अलावा मऊगंज, देवतालाब, हनुमना, पहाड़ी, पतुलखी बंधवा, मैंरहा, दादर, देवरा और खटखरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व अकीदत के साथ मनाया गया। कई स्थानों पर जुलूस निकाले गए और लोगों ने देश एवं समाज में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआ की।

प्रशासन रहा अलर्ट

जुलूस को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कलेक्टर संजय कुमार जैन और एसपी सुरेंद्र कुमार जैन नईगढ़ी पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जुलूस में शामिल लोगों से मुलाकात कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम, एसडीओपी रुची पाठक और थाना प्रभारी पीडी सोनवंशी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अधिकारियों ने जिलेवासियों को ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की शुभकामनाएं देते हुए सभी से आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की।



Post a Comment

Previous Post Next Post