संजय गांधी अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का हंगामा, वेतन न मिलने पर काम बंद

संजय गांधी अस्पताल में आउटसोर्स कर्मचारियों का हंगामा, वेतन न मिलने पर काम बंद

रीवा - रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब आउटसोर्स कर्मचारियों ने दो महीने से वेतन नहीं मिलने के विरोध में काम बंद कर दिया। कर्मचारी अस्पताल के मुख्य गेट पर एकजुट होकर प्रदर्शन करने लगे और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा। दो माह से वेतन भुगतान नहीं होने का आरोप लगाते हुए संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के आउटसोर्स कर्मचारी काम छोड़कर अस्पताल परिसर से बाहर निकल आए। कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट और डीन कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि आर्थिक तंगी के बावजूद लगातार ड्यूटी करने के बाद भी उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों को समस्या बताई गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रदर्शन के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, प्रबंधन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post