रीवा में स्कूल मैजिक वाहन पलटा, छह बच्चे गंभीर रूप से घायल, संजय गांधी अस्पताल में भर्ती

रीवा में स्कूल मैजिक वाहन पलटा, छह बच्चे गंभीर रूप से घायल, संजय गांधी अस्पताल में भर्ती

रीवा - जिले के चुरहटा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा उस समय हो गया, जब स्कूली बच्चों को लेकर घर जा रहा एक मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में आधा दर्जन बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य बच्चों को मामूली चोटें पहुंची हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुवारी गांव स्थित अभिराज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राएं विद्यालय की छुट्टी के बाद स्कूल के मैजिक वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पैबखरा (बखरा) गांव स्थित नवीन मेडिकल स्टोर के सामने स्कूल वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, स्कूल वाहन के सामने अचानक एक अन्य वाहन आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन मैजिक वाहन असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय वाहन में दो दर्जन के करीब बच्चों के सवार होने की बात भी सामने आई है, हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि वाहन में नियमित रूप से 13 से 14 बच्चों को ही बैठाया जाता था।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटना में छह बच्चों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तत्काल संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल बच्चों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिजनों ने बताया कि जिस वाहन को बचाने के दौरान यह दुर्घटना हुई, उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर संबंधित वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी गई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दुर्घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। अभिभावकों का कहना है कि स्कूली वाहनों की नियमित जांच, निर्धारित क्षमता के अनुसार बच्चों को बैठाने तथा प्रशिक्षित चालकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा घायल बच्चों के स्वास्थ्य पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। स्थानीय प्रशासन द्वारा भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

आखिर छात्रों के प्रति जिला प्रशासन संभागीय आयुक्त परिवहन विभाग स्कूल संचालक और वाहन मालिक कितना संवेदनशील है कि हर वर्ष कोई ना कोई छोटी बड़ी घटना होती है घटना दौरान सब अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं 2026 जुलाई माह में चोराहटा के पास हुई मैजिक घटना जिसमें 13 से 26 बच्चे बैठने की जानकारी प्राप्त हो रही है ऐसी स्थिति पर वाहन मालिक स्कूल संस्था प्रमुख शिक्षा विभाग आदि की जिम्मेदारी क्यों नहीं ठहराया जाता और यदि इनको भी एक दोषी बना दिया जाए तो भविष्य में इस तरह से किसी भी स्कूल संचालक द्वारा ऐसी लापरवाही नहीं की जाएगी हर वर्ष स्कूल संचालक की लापरवाही दैनिक आज तक 24 छोटे वाहनों में क्षमता से ज्यादा सवारी का समाचार प्रकाशित कर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर चुका है

Post a Comment

Previous Post Next Post