![]() |
| रीवा BJP में अंतर्कलह: गुढ़ विधायक बनाम नगर परिषद अध्यक्ष का विवाद सड़कों पर |
रीवा - रीवा जिले के गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अंदरूनी गुटबाजी अब खुलकर सड़कों पर आ गई है। नगर परिषद गुढ़ में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर शुरू हुई यह जंग अब सीधे गुढ़ विधायक और नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह के बीच आमने-सामने की लड़ाई बन चुकी है। अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने मीडिया के सामने विधायक को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर विधायक अपनी सीमाओं को पार करते हैं, तो वे उन्हें समाज में मुंह दिखाने लायक नहीं छोड़ेंगी।
20 सालों के 'मधुर संबंधों' में आई बड़ी दरार
गुढ़ की राजनीति में 20 वर्षों तक साथ रहे दोनों नेताओं का अब एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी के रूप में सामने आना कई चर्चाओं को जन्म दे रहा है। डॉ. अर्चना सिंह के इस तीखे बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों के बीच कई ऐसे पुराने राज़ हैं, जिनके उजागर होने का डर अब पार्टी को सताने लगा है। यह विवाद अब केवल गुढ़ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रीवा से लेकर भोपाल तक बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के लिए चिंता का विषय बन चुका है।
भाजपा में अनुशासन पर उठे सवाल
'दैनिक आज तक 24' ने पूर्व में भी भाजपा की इस गुटबंदी को प्रमुखता से उजागर किया था। कभी अनुशासन के लिए जानी जाने वाली भाजपा में अब कांग्रेस जैसी अंतर्कलह की संस्कृति फैलती दिख रही है। संगठन के दबाव में दबे नेता और कार्यकर्ता अब खुलकर बगावत पर उतर आए हैं, जिससे आने वाले समय में कार्यकर्ताओं के पलायन की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता।
