गेल प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

गेल प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली का कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण 

गुना - कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने बुधवार को गेल (GAIL) प्लांट का निरीक्षण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, मॉनिटरिंग सिस्टम एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम का भ्रमण कर प्लांट की संचालन प्रणाली, सुरक्षा मानकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 

कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण, सुरक्षा प्रणाली की ली जानकारी 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने सबसे पहले गेल प्लांट के कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। यहां उन्होंने प्लांट की रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं संचालन प्रणाली को विस्तार से समझा। अधिकारियों ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से प्लांट के लेआउट, कार्य प्रणाली, टेस्टिंग प्रक्रिया, सुरक्षा मानकों तथा विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। इस दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रणाली एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की। 

निर्माणाधीन एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का किया निरीक्षण 

गेल प्लांट के निरीक्षण के उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने साढ़ा कॉलोनी के समीप हाईवे पर निर्माणाधीन राघौगढ़ एसडीएम एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन परिसर में वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से विकसित किया जाए, ताकि वर्षा जल का संरक्षण हो सके। साथ ही भवन परिसर में प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने, रिटेनिंग वॉल से पर्याप्त दूरी बनाए रखने तथा सुव्यवस्थित पार्क एवं हरित परिसर विकसित करने के साथ समय पर कार्य पूरा करने के लिए निर्देशित किया। 

कटहल का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश 

इसके उपरांत कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने परिसर में कटहल का पौधा रोपकर वृक्षारोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिसर विकसित करने के उद्देश्य से अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण के साथ-साथ हरित वातावरण का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है, जिससे परिसर पर्यावरण के अनुकूल एवं आकर्षक बन सके। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम श्री अमित सोनी सहित गेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

आजतक 24 के प्रशासन से सवाल

1. गेल प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। क्या निरीक्षण के दौरान कोई सुरक्षा खामी या सुधार योग्य बिंदु सामने आए? यदि हां, तो उन्हें दूर करने की समय-सीमा क्या तय की गई है और क्या इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी?

2. यदि गेल प्लांट में गैस रिसाव या कोई बड़ी औद्योगिक दुर्घटना होती है, तो आसपास के गांवों और शहर के लोगों के लिए जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन एवं निकासी (Evacuation) की क्या ठोस कार्ययोजना है? क्या हाल के वर्षों में इसका कोई मॉक ड्रिल आयोजित किया गया है?

3. निर्माणाधीन एसडीएम-तहसील कार्यालय में वॉटर हार्वेस्टिंग और हरित परिसर के निर्देश दिए गए हैं। क्या इन सुविधाओं को निर्माण की अनिवार्य शर्त बनाया गया है, या केवल निरीक्षण के दौरान दिए गए सुझाव हैं? यदि भविष्य में इन्हें लागू नहीं किया गया तो संबंधित एजेंसी पर क्या कार्रवाई होगी?


Post a Comment

Previous Post Next Post