![]() |
जन विश्वास शिविर में 143 आवेदनों पर सुनवाई, योजनाओं का लाभ देकर बढ़ाया आमजन का भरोसा |
रीवा। जन विश्वास अभियान के तहत नगर पंचायत गुढ़ में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजनता के आवेदनों के निराकरण के साथ जनसंवाद का अवसर भी उपलब्ध करा रहे हैं। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को एक ही स्थान पर मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में मैदानी स्तर पर आने वाली कठिनाइयों को दूर कर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा आमजन को योजनाओं की पूरी जानकारी देने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जन विश्वास शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा स्कूल, अस्पताल, आंगनवाड़ी केन्द्र, उचित मूल्य दुकान और विभागीय कार्यालयों का निरीक्षण भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविरों के आयोजन के बाद सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के निराकरण में तेजी आई है।
एसडीएम गुढ़ सुधाकर सिंह ने बताया कि जन विश्वास शिविर के तहत नामांतरण के 86 प्रतिशत और बंटवारे के 74 प्रतिशत लंबित आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। तहसील में 51 प्रतिशत किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई है। नगर परिषद गुढ़ द्वारा 1615 हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। संबल योजना में मजदूरों के पंजीयन के 4325 आवेदन निराकृत किए गए हैं। शिविर में आमजनता से प्राप्त 143 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई।
उद्यम संवाद में उद्यमियों ने साझा की सफलता की कहानी
शिविर में उद्योग विभाग द्वारा उद्यम संवाद आयोजित किया गया। सांई इंडस्ट्रीज के संचालक ज्योति रंजन ने बताया कि उन्होंने तीन करोड़ रुपए के निवेश से प्लास्टिक ड्रम बनाने की फैक्ट्री स्थापित की है, जिसमें 40 कामगारों को रोजगार मिला है। उन्हें उद्योग विभाग से एक करोड़ 78 लाख रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। वहीं अंकिता राइस मिल के रितेश साहू ने बताया कि दो करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से राइस मिल स्थापित की गई है, जिसमें 10 लोगों को स्थाई रोजगार मिल रहा है।
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में विधायक गुढ़ एवं कलेक्टर ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। संबल योजना के तहत प्रभाकर सिंह को दो लाख रुपए तथा अनुराधा तिवारी को चार लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की गई। रीति बसोर और ललऊ कोल को पांच-पांच हजार रुपए की अंत्येष्टि सहायता दी गई। केशकली साकेत एवं मीना मिश्रा को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के स्वीकृति पत्र दिए गए।
उद्योग विभाग की उद्यम क्रांति योजना के तहत दीपांशु अवधिया को किराना व्यवसाय के लिए 15 लाख रुपए तथा एमएसएमई योजना के तहत विष्णुप्रिया कॉन्स्ट्रक्शन कंपनी को 1.5 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही संबल कार्ड और आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
शिविर में विधायक और कलेक्टर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर आवेदनों के निराकरण की जानकारी ली। जन विश्वास अभियान के तहत हायर सेकण्डरी स्कूल महसांव और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुढ़ का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती अर्चना सिंह, एसडीओपी हिमाली पाठक, संयुक्त आयुक्त विकास वीरेन्द्र पटेल, सीएमओ मोहित शुक्ला, तहसीलदार विनयमूर्ति शर्मा, नायब तहसीलदार महिमा पाठक सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
