![]() |
| जवा तहसील में कांग्रेस का प्रदर्शन, बबिता साकेत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना |
रीवा। बाढ़, अतिवृष्टि और जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस एवं युवक कांग्रेस ने जवा तहसील में विशाल धरना प्रदर्शन किया। धरने को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती बबिता साकेत ने संबोधित करते हुए केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
बबिता साकेत ने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि लोग कहते हैं कि राहुल गांधी कुछ नहीं करते, लेकिन इंदौर में एक गरीब बच्ची ने आंख की समस्या बताई तो उन्होंने तत्काल उसकी मदद करते हुए इलाज कराया। उन्होंने भाजपा के सांसदों और विधायकों को लेकर भी सवाल उठाए।
महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह भाजपा का झांसा है। उन्होंने इसकी तुलना Jio के शुरुआती दौर के मुफ्त इंटरनेट से करते हुए कहा कि पहले सुविधा देकर आदत डाली गई और बाद में रिचार्ज महंगे हो गए। उन्होंने कहा कि आज महंगाई के दौर में 1500 रुपए की राशि भी पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं का परिवार एकजुट है और उनकी पहचान हाथ का पंजा है। उन्होंने कहा कि जब तक एसडीएम आकर ज्ञापन नहीं लेंगे, तब तक कार्यकर्ता धरना स्थल से नहीं उठेंगे।
कार्यक्रम में रीवा जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजेन्द्र शर्मा, श्री रमाशंकर, श्री गिरीश सिंह, श्रीमती कविता पांडे, श्री कमलेश्वर पटेल, श्री मुस्ताक खान, श्री चक्रधर सिंह, श्री अमित चक्रधर सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
