![]() |
| दो दिन की बारिश से सड़क बनी तालाब, कॉलेज चौराहे पर खराब सड़क के बीच धरने पर बैठे युवा |
रीवा। जिले में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। शहर की कई सड़कें और प्रमुख चौराहे जलमग्न हो गए हैं। गड्ढों में तब्दील हो चुकी सड़कों पर पानी भरने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज कुछ युवाओं ने शुक्रवार को कॉलेज चौराहे पर धरना देकर विरोध जताया।
इस वर्ष जिले में हुई तेज बारिश के दौरान कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने थे। बारिश का दौर थमने के बाद स्थिति सामान्य हुई, लेकिन तब तक शहर और जिले की कई सड़कें क्षतिग्रस्त होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी थीं। अब दोबारा बारिश शुरू होने के साथ ही इन सड़कों की स्थिति और खराब हो गई है। हल्की बारिश के बाद भी कई स्थानों पर सड़कें और चौराहे पानी में डूब जाते हैं।
सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले लोगों और दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। सड़क पर बने गड्ढे बारिश के पानी से भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।
कॉलेज चौराहे पर सड़क के बीच धरना
दो दिनों की बारिश के बाद कॉलेज चौराहे पर जलभराव और खराब सड़क की स्थिति को लेकर कुछ युवाओं का आक्रोश सामने आया। युवाओं ने सड़क सुधार की मांग को लेकर खराब सड़क पर ही धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि शहर के प्रमुख मार्गों की स्थिति सुधारने के लिए जिम्मेदार विभागों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
वीआईपी चौराहा, फिर भी बदहाल सड़क
कॉलेज चौराहा रीवा शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों में शामिल है। यहां से कलेक्टर, कमिश्नर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं। रीवा विधायक एवं उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल के आवागमन का मार्ग भी इसी क्षेत्र से जुड़ा है। इसके अलावा सिविल लाइन कॉलोनी और राजनिवास मार्ग भी इसी क्षेत्र से होकर गुजरते हैं, जहां मुख्यमंत्री सहित कई बड़े जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों का आवागमन रहता है।
इसके बावजूद प्रमुख मार्ग और चौराहे पर जलभराव तथा सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी से सड़क की तत्काल मरम्मत और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
