![]() |
| गुना; अस्पताल में अचानक पहुंचे SDM, मरीजों से सीधे पूछे हाल! राघौगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में मचा हड़कंप |
गुना - जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए प्रशासन अब सीधे मैदान में उतरता दिखाई दे रहा है। कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन में एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी ने साडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग में हलचल मचा दी। अचानक पहुंचे एसडीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और मरीजों से सीधे बातचीत कर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति जानी।निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री अमित सोनी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा करते हुए पूछा कि उन्हें समय पर इलाज, दवाइयां और डॉक्टर उपलब्ध हो रहे हैं या नहीं। उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टर्स एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की और ओपीडी व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
एसडीएम ने मेडिसिन स्टॉक रूम पहुंचकर दवाइयों की उपलब्धता और रिकॉर्ड का परीक्षण किया। साथ ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति की भी जानकारी ली गई।इस दौरान ओपीडी रजिस्टर, उपस्थिति रजिस्टर, दवा वितरण रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। रिकॉर्ड में नियमित संधारण और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम श्री सोनी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के उद्देश्य से रोगी कल्याण समिति की बैठक आगामी सप्ताह आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अस्पताल में जरूरी संसाधनों और व्यवस्थाओं से जुड़े प्रस्ताव तैयार कर बैठक में प्रस्तुत किए जाएं, ताकि जल्द निर्णय लेकर सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री लोकेंद्र शर्मा, बीएमओ डॉ. धर्मेंद्र श्रीवास्तव, सीडीपीओ श्री संतोष अलावा सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
