![]() |
| रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल की 'डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ऑफिशियल विजिट' संपन्न Aajtak24 News |
बालाघाट - सेवा और समर्पण के ध्येय को लेकर कार्यरत रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल द्वारा 'डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ऑफिशियल विजिट' (DG Visit) का भव्य आयोजन स्थानीय होटल मल्लिकार्जुन में संपन्न हुआ। इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान क्लब ने अपनी महात्वाकांक्षी सेवा परियोजना “हेल्पिंग हैंड्स” का विधिवत शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को संबल प्रदान करना है।
परंपरा और अनुशासन के साथ हुआ आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत क्लब अध्यक्ष रोटेरियन संदीप असाटी के संबोधन से हुई। रोटरी की गौरवशाली परंपरा का निर्वहन करते हुए सभी उपस्थित सदस्यों ने राष्ट्रगान गाया। आयोजन के दौरान पूरा परिसर अनुशासन, सेवा भावना और आपसी सौहार्द के वातावरण से सराबोर नजर आया।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर ने थपथपाई क्लब की पीठ
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित जायसवाल का क्लब सदस्यों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट की प्रथम महिला रोटेरियन पल्लवी जायसवाल एवं डॉ. ईला गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। अपने संबोधन में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित जायसवाल ने कहा, "रोटरी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का एक सशक्त माध्यम है। रोटरी क्लब ऑफ बालाघाट रॉयल जिस सक्रियता और टीमवर्क के साथ जनहित के कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है।" उन्होंने क्लब के सामाजिक प्रकल्पों और आगामी योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
सेवा गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान क्लब द्वारा वर्ष भर किए गए सेवा कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। आगामी समय में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर बनाई गई योजनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। रोटेरियन संदीप असाटी ने बताया कि "हेल्पिंग हैंड्स" परियोजना के माध्यम से क्लब आने वाले समय में जरूरतमंदों को सीधे तौर पर सहायता पहुँचाने का कार्य करेगा। इस महत्वपूर्ण अवसर पर क्लब के सभी वरिष्ठ सदस्य और रोटेरियन पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने समाज सेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने की शपथ ली।

