| जगदलपुर, जब आंगनवाड़ी में उतरी ‘तितली’… खिलौनों, रंगों और मुस्कानों से गूंज उठा बचपन Aajtak24 News |
जगदलपुर - भीषण गर्मी के बीच आंगनबाड़ी केंद्रों में इन दिनों बचपन की रंगीन दुनिया सज गई है। कहीं रंग-बिरंगे कागज़ों से टेंट बन रहे हैं, तो कहीं नन्हे बच्चे डॉक्टर और शिक्षक बनकर अपने सपनों को आकार दे रहे हैं। “तितली” संस्था के सहयोग से आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर ने बच्चों के चेहरों पर ऐसी मुस्कान बिखेरी कि गर्मी की तपिश भी फीकी पड़ गई। पूरे सप्ताह चले इस शिविर में बच्चों के लिए मनोरंजन, रचनात्मकता और सीख से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों और उनके अभिभावकों के साझा प्रयास से हुई, जहां सभी ने मिलकर आकर्षक टेंट तैयार किए। इन टेंटों को बच्चों ने अपनी कल्पनाओं के रंगों से सजाया, जिससे पूरा परिसर किसी रंगीन उत्सव जैसा दिखाई देने लगा।
शिविर में बच्चों ने डॉक्टर, शिक्षक और अन्य सामाजिक किरदारों का अभिनय कर अपनी प्रतिभा दिखाई। इन गतिविधियों ने बच्चों की कल्पनाशक्ति को नया विस्तार देने के साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाया। छोटे-छोटे बच्चों का मंच पर किरदार निभाना अभिभावकों के लिए भी भावुक और गर्व का पल बन गया। मनोरंजन के लिए आयोजित बलून गेम्स और अन्य खेल गतिविधियों में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया, लेकिन सबसे ज्यादा आकर्षण “खिलौना खोजो” खेल का रहा। छिपे हुए खिलौनों को खोजने की इस रोमांचक गतिविधि ने बच्चों को बेहद उत्साहित किया। खिलौना मिलते ही बच्चों की खुशी और खिलखिलाहट से पूरा आंगनबाड़ी परिसर गूंज उठा।
शिविर केवल खेल और मस्ती तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें बच्चों को पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक जुड़ाव का महत्व भी समझाया गया। गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को दादा-दादी और नाना-नानी के साथ समय बिताने, परिवार के साथ जुड़ाव बनाए रखने और छुट्टियों को सकारात्मक तरीके से बिताने की सीख दी गई। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के शिविर बच्चों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों की मासूम मुस्कान और उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- क्या ये ग्रीष्मकालीन शिविर केवल प्रतीकात्मक गतिविधियों तक सीमित हैं, या बच्चों के मानसिक और शैक्षणिक विकास का कोई ठोस मूल्यांकन भी किया जाता है?
- ग्रामीण और दूरस्थ आंगनवाड़ी केंद्रों में भी क्या इसी स्तर की सुविधाएं और गतिविधियां उपलब्ध हैं, या यह पहल केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित रह जाती है?
- आंगनवाड़ियों में मूलभूत सुविधाओं और पोषण संबंधी चुनौतियों के बीच ऐसे आयोजनों पर खर्च की प्राथमिकता तय करने का आधार क्या है?