![]() |
नगर निगम लगातार कर रहा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा-गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई |
इंदौर - शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर कचरा-गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध नगर निगम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।निगमायुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार नगर निगम का अमला लगातार निरीक्षण कर रहा है। इसी क्रम में अपर आयुक्त प्रखर सिंह के निर्देश पर स्वच्छता अमले द्वारा सांवेर रोड औद्योगिक क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
निरीक्षण के दौरान सुपर कॉरिडोर सर्विस रोड पर बड़ी मात्रा में खुले में कचरा फेंका हुआ पाया गया। स्वच्छता टीम द्वारा मौके पर जांच किए जाने पर कचरे में मिले दस्तावेज और अन्य एविडेंस के आधार पर यह कचरा मयूर मिरर नामक कंपनी का पाया गया। उक्त कृत्य को स्वच्छता नियमों का उल्लंघन मानते हुए सीएसआई सत्येंद्र सिंह तोमर द्वारा मयूर मिरर कंपनी पर 35 हजार का स्पॉट फाइन लगाया गया। नगर निगम अधिकारियों ने संबंधित कंपनी को भविष्य में सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने एवं निर्धारित स्थान पर ही कचरा निष्पादन करने की सख्त हिदायत दी। निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि शहर में गंदगी फैलाने, खुले में कचरा फेंकने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान सीएसआई आशीष कापसे और बल्क सुपरवाइजर शिवा सिकरवार सहित स्वच्छता विभाग का अमला उपस्थित रहा।

