![]() |
| दतिया; बिजली दफ्तर नहीं, अब गांव-गांव पहुंचेगा समाधान Aajtak24 News |
दतिया - बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों को सीधे गांव और शहर स्तर पर हल करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने “संपर्क अभियान” की शुरुआत कर दी है। इस बहुचर्चित अभियान का भव्य शुभारंभ दतिया जिले के ग्राम पचोखरा से कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने किया। अभियान की शुरुआत के साथ ही ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में उत्साह देखने को मिला। ग्राम पचोखरा में आयोजित पहले कैंप में प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर बिजली सप्लाई, लो-वोल्टेज, ट्रांसफार्मर खराबी, बिलिंग गड़बड़ी और अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि संपर्क अभियान का उद्देश्य केवल शिकायतें लेना नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं तक पहुंचकर समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। इसी दौरान उन्होंने “समाधान योजना” की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। अभियान का सबसे बड़ा आकर्षण स्मार्ट मीटर का लाइव डेमो रहा। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सरल भाषा में समझाया कि स्मार्ट मीटर कैसे काम करता है और इससे बिजली खपत की निगरानी कैसे आसान हो सकती है।
प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि दिन के समय बिजली उपयोग करने वाले स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली दरों में लगभग 20 प्रतिशत तक राहत मिल सकती है। हालांकि इस दावे को लेकर कई उपभोक्ताओं ने मौके पर सवाल भी उठाए और विस्तृत जानकारी मांगी। इसके बाद दतिया शहर के किला चौक पर आयोजित शहरी कैंप का भी निरीक्षण किया गया, जहां बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। विभाग के अनुसार कैंप में एक सैकड़ा से अधिक शिकायतों का मौके पर निराकरण किया गया। अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों को राजस्व वसूली, उपभोक्ता संतुष्टि और विद्युत सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल
- यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए अब विशेष “संपर्क अभियान” चलाना पड़ रहा है, तो क्या इसका मतलब यह नहीं कि नियमित शिकायत निवारण प्रणाली प्रभावी नहीं रही?
- स्मार्ट मीटर से 20 प्रतिशत तक राहत का दावा किया गया है, लेकिन क्या विभाग इसके लिए कोई लिखित गारंटी या पारदर्शी गणना सार्वजनिक करेगा?
- एक ही कैंप में सैकड़ों शिकायतें सामने आना क्या यह संकेत नहीं देता कि बिजली सप्लाई, बिलिंग और तकनीकी सेवाओं में लंबे समय से गंभीर खामियां बनी हुई हैं?
