शिवपुरी; खनिज माफियाओं पर शिवपुरी प्रशासन का बड़ा प्रहार… रातों-रात जब्त हुए डम्पर, हाईवा और ट्रैक्टर Aajtak24 News

शिवपुरी; खनिज माफियाओं पर शिवपुरी प्रशासन का बड़ा प्रहार… रातों-रात जब्त हुए डम्पर, हाईवा और ट्रैक्टर Aajtak24 News

शिवपुरी - जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा अभियान छेड़ दिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में खनिज विभाग ने कई स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध परिवहन और भंडारण में लगे वाहनों को जब्त किया है। खनिज निरीक्षक रिऋभ सिंह दीक्षित के नेतृत्व में कोलारस अनुविभाग के लुकवासा क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की गई। यहां गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 3 डम्पर और हाईवा वाहन पकड़े गए। जब्त वाहनों को लुकवासा चौकी की सुरक्षा में रखा गया है। कार्रवाई के दौरान ग्राम कुल्हाड़ी में लगभग 10 घन मीटर अवैध रेत का भंडारण भी मिला। प्रशासन ने मौके से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर अभिरक्षा में ले लिया।

खनिज विभाग की टीम ने ग्राम करई डांडा में भी कार्रवाई करते हुए करीब 20 घन मीटर एम-सैंड और 5 घन मीटर रेत का अवैध भंडारण पकड़ा। यहां से भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना सुरवाया की निगरानी में सौंप दी गई। प्रशासन का कहना है कि सभी मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर अर्थदंड की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। खनिज विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में सक्रिय अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

आज तक 24 न्यूज़ के प्रशासन से सवाल

  1. यदि बड़े पैमाने पर अवैध रेत और गिट्टी का परिवहन हो रहा था, तो क्या यह प्रशासनिक निगरानी में पहले से बड़ी चूक का संकेत नहीं है?
  2. हर कार्रवाई के बाद अवैध खनन फिर शुरू होने की शिकायतें आती हैं, तो क्या इस बार केवल वाहन जब्ती से आगे बढ़कर खनिज माफियाओं के नेटवर्क पर भी कार्रवाई होगी?
  3. अवैध उत्खनन से जुड़े मामलों में अक्सर छोटे वाहन चालक पकड़े जाते हैं, लेकिन क्या प्रशासन उन बड़े कारोबारियों और संरक्षण देने वालों के नाम भी सार्वजनिक करेगा जो इस नेटवर्क के पीछे हैं?

Post a Comment

Previous Post Next Post