![]() |
| कलयुगी बहू ने लात-घूंसों से पीट-पीटकर ससुर को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार Aajtak24 News |
मऊगंज - जिले के लौर थाना अंतर्गत ग्राम भगतपुरा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक 26 वर्षीय बहू ने घरेलू विवाद के चलते अपने 75 वर्षीय ससुर की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
विवाद और जानलेवा हमला
घटना 30 मार्च की शाम की है। मृतका की पत्नी रामरती साकेत द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, छोटी बहू पुष्पा साकेत (पति महेंद्र साकेत) अक्सर बुजुर्ग दंपति से विवाद कर उन्हें घर से निकालने की धमकी देती थी। सोमवार शाम जब बुजुर्ग जगदीश साकेत खेत से लौटे, तो पुष्पा ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि बहू ने वृद्ध ससुर को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और उनके सीने व मुँह पर लात-घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
गंभीर चोटों के कारण जगदीश साकेत को खून की उल्टियां होने लगीं। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
थाना प्रभारी राजेश पटेल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित की और दबिश देकर आरोपी बहू पुष्पा साकेत को 31 मार्च को धर दबोचा। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया और उसे न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश पटेल, उपनिरीक्षक दिलराज सिंह चौहान और योगेंद्र तिवारी की मुख्य भूमिका रही।
