| कोर्ट परिसर में महिला अधिवक्ता का वीडियो बनाने का आरोप, आनंद प्रताप के खिलाफ पुलिस में शिकायत |
शहडोल। जयसिंहनगर में महिला अधिवक्ता से जुड़े पुराने विवाद के बाद अब कोर्ट परिसर में बिना अनुमति उनका वीडियो बनाए जाने और उसे आगे भेजने का मामला सामने आया है। महिला अधिवक्ता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत देकर आनंद प्रताप के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, 13 सितंबर को अधिवक्ता को एक वीडियो भेजा गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वीडियो में उनका न्यायालय परिसर के अंदर वीडियो बनाया गया था। आरोप है कि यह वीडियो उनकी अनुमति के बिना बनाया गया और बाद में अन्य लोगों को भेजा गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि वीडियो को लेकर उन्हें धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
महिला अधिवक्ता ने पुलिस को बताया कि वीडियो के संबंध में पूछताछ करने पर उसे आनंद प्रताप सिंह पटेल द्वारा भेजे जाने की जानकारी मिली। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर वीडियो बनाने और प्रसारित करने की पुष्टि करने तथा संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। वही इस मामले में आनंद प्रताप सिंह ने कहा आरोप निराधार है,मैंने कोई वीडियो नहीं बनाया है।पहले भी डॉक्टरों पर लगाए थे आरोप,गौरतलब है कि इससे पहले महिला अधिवक्ता संध्या तिवारी ने जयसिंहनगर सिविल अस्पताल में इलाज को लेकर डॉक्टर आशुतोष मिश्रा और पुष्पराज पटेल पर कथित बदसलूकी और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने के आरोप लगाए थे। उस मामले में भी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की बात कही गई थी।