| 9 साल बाद टूटा रिश्ता, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और नरेंद्र मरावी का तलाक |
शहडोल। शहडोल संसदीय क्षेत्र से भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह और पूर्व भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र सिंह मरावी का करीब नौ साल पुराना वैवाहिक रिश्ता अब आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। राजेंद्रग्राम जिला न्यायालय ने दोनों की पारस्परिक सहमति के आधार पर विवाह विच्छेद की अंतिम डिक्री पारित की है।
दोनों का विवाह 23 नवंबर 2017 को राजेंद्रग्राम में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आपसी मतभेदों के चलते दोनों 5 मई 2021 से अलग रह रहे थे। दंपती की पांच वर्षीय बेटी गिरिशा सिंह की पूरी कस्टडी हिमाद्री सिंह के पास रहेगी। बेटी की शिक्षा, स्वास्थ्य और पालन-पोषण सहित भविष्य के सभी खर्चों की जिम्मेदारी भी हिमाद्री सिंह स्वयं उठाएंगी।
तलाक हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 की धारा 13-बी के तहत हुआ। अदालत ने नियमानुसार छह महीने का कूलिंग-ऑफ पीरियड दिया और सुलह के प्रयास भी किए। अवधि पूरी होने के बाद दोनों ने साथ रहने में असमर्थता जताई, जिसके बाद 3 सितंबर 2026 को अंतिम तलाक की डिक्री मंजूर की गई। दोनों पक्षों ने जेवरात और उपहारों को लेकर किसी विवाद से भी इनकार किया। हिमाद्री सिंह ने अपने या बेटी के लिए नरेंद्र मरावी से किसी तरह का गुजारा भत्ता लेने से भी इनकार किया है।