राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी का हुआ सम्मान

राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, समाजसेवी रेखा अंजू तिवारी का हुआ सम्मान

कटनी। मध्यप्रदेश शासन एवं प्रशासन की योजनानुसार जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में कृष्ण-राधा जन्मोत्सव हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में सेक्टर क्रमांक-3 के आचार्य विनोबा वार्ड क्रमांक-15 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 55, 56 एवं 200 के संयुक्त संयोजन में नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने राधा-कृष्ण के विभिन्न रूपों में सजकर अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नन्हे बच्चों का उत्साहवर्धन किया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया। बच्चों ने कृष्ण, राधा और बाल गोपाल के रूप में आकर्षक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे राधा-कृष्ण के स्वागत से हुई। बच्चों की पुष्पवर्षा कर रोली-तिलक लगाया गया और आरती उतारकर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में शामिल बच्चों को बिस्किट, टॉफी, पेन-पेंसिल और मिठाई वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सालय की लैब टेक्नीशियन अधिकारी तृप्ति दुबे का जन्मदिन भी विशेष अंदाज में मनाया गया। नन्हे राधा-कृष्ण के हाथों केक कटवाकर उनका जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी का आत्मीय एवं भव्य सम्मान किया गया। सुपरवाइजर निधि पटेल, आशा कार्यकर्ता मालती चौधरी एवं लवली नामदेव ने रोली-तिलक लगाकर तथा श्रीफल और कलम भेंट कर उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में आशा कार्यकर्ता करुणा विश्वकर्मा, दीक्षा मिश्रा, सहायिका गुलाब बाई रजक, विमला चौधरी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और बच्चों के अभिभावकों की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास और भारतीय संस्कृति से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में उत्सव और भक्ति का माहौल बना रहा।

Post a Comment

Previous Post Next Post