रीवा–चाकघाट मार्ग पर पाई गई गंभीर खामियां, कटे डिवाइडर बंद कराने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश Aajtak24 News

राष्ट्रीय राज्यमार्ग 30 एवं 35 का रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया औचक निरीक्षण


रीवा–चाकघाट मार्ग पर पाई गई गंभीर खामियां, कटे डिवाइडर बंद कराने और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश Aajtak24 News

रीवा - रीवा जिले में सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से रीवा जिला कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने  9 फरवरी 2026  को दोपहर 3 बजे राष्ट्रीय राज्यमार्ग क्रमांक 30 एवं 35 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर कई गंभीर अनियमितताएं एवं निर्माण संबंधी कमियां सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मनगवा  संजय जैन, अनुविभागीय अधिकारी त्योंथर प्रभाशंकर त्रिपाठी, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  प्रतिभा शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल

स्थलीय निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग की पटरियों पर लंबी कतारों में अव्यवस्था, सड़क की खराब स्थिति तथा कई स्थानों पर ऊबड़-खाबड़ और पैबंदयुक्त (पैचवर्क) सड़क देखी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही माना। रीवा से चाकघाट के बीच कई स्थानों पर डिवाइडर कटे हुए पाए गए, जिससे यातायात सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। इसके साथ ही संबंधित मार्ग पर सर्विस रोड अब तक चालू नहीं होने का मामला भी सामने आया, जिस पर कलेक्टर ने संबंधित एजेंसियों से जवाब तलब किया।

अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (MPRDC), राजस्व विभाग तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कटे हुए डिवाइडरों को तत्काल बंद कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि डिवाइडर तोड़ने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर यातायात सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जांच कर कार्रवाई का आश्वासन

इस संबंध में अनुविभागीय अधिकारी मनगवा राजस्व  संजय जैन एवं श्री पी.एस. त्रिपाठी ने कलेक्टर को अवगत कराया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को सड़क निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने, गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राज्यमार्ग पर किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी या अव्यवस्था पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post