![]() |
| वित्तीय साक्षरता से सशक्त होगा पुरैनी: एलडीएम मऊगंज ने ग्रामीणों को सिखाए बैंकिंग और सुरक्षा बीमा के गुर Aajtak24 News |
मऊगंज - ग्राम पंचायत पुरैनी के सामुदायिक भवन में वित्तीय साक्षरता और डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एलडीएम मऊगंज श्रीमती ज्योत्सना अग्रवाल रहीं, जबकि अध्यक्षता ग्राम पंचायत की सरपंच पुष्पा मिश्रा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में असिस्टेंट काउंसलर (आरोह फाउंडेशन) संतोष कुमार मिश्र और वरिष्ठ नागरिक मनोज मिश्रा उपस्थित रहे।
बैंकिंग और केवाईसी की अनिवार्यता
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए विशिष्ट अतिथि संतोष कुमार मिश्र ने ग्रामीणों को बैंकिंग के आधारभूत नियमों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा कि कई पुराने खातों में अभी तक केवाईसी और नॉमिनी की प्रक्रिया अधूरी है। उन्होंने समझाया कि खाते में नॉमिनी का नाम होना इसलिए आवश्यक है ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को बैंक के चक्कर न काटने पड़ें और जमा राशि आसानी से हस्तांतरित हो सके। साथ ही, उन्होंने बैंक खाते से मोबाइल नंबर लिंक कराने का आग्रह किया ताकि हर लेन-देन का मैसेज तुरंत प्राप्त हो सके।
सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना
शिविर में शासन की जन सुरक्षा योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों को बताया गया कि मात्र 20 रुपये सालाना में 2 लाख का दुर्घटना बीमा (प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा) और 436 रुपये में जीवन ज्योति बीमा कराया जा सकता है। बुढ़ापे के सहारे के लिए 'अटल पेंशन योजना' को बुढ़ापे की लाठी बताते हुए कहा गया कि 18 से 40 वर्ष के लोग इसमें निवेश कर 60 वर्ष के बाद निश्चित पेंशन प्राप्त कर सकते हैं।
साइबर फ्रॉड से बचाव और शिक्षा लोन
बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए विशेषज्ञों ने कहा कि कभी भी किसी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, आधार नंबर या पिन न बताएं। यदि कोई धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल कर खाता होल्ड करवाएं। युवाओं के लिए खुशखबरी देते हुए बताया गया कि 12वीं में 85% से अधिक अंक लाने वाले गरीब मेधावी छात्रों को बिना गारंटी के 4.50 लाख रुपये तक का एजुकेशन लोन मिल सकता है। साथ ही, स्वरोजगार के लिए यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है।
अतिथियों का उद्बोधन
एलडीएम ज्योत्सना अग्रवाल ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बैंक को केवल पैसा जमा करने की जगह न समझें, बल्कि बैंक की सुरक्षा और निवेश योजनाओं का भरपूर लाभ उठाएं। सरपंच पुष्पा मिश्रा ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी जानकारी से ग्रामीण आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे।
उपस्थिति और आभार
कार्यक्रम में सचिव रामावतार साकेत, रोजगार सहायक मुन्नालाल विश्वकर्मा, आशा सुपरवाइजर सविता पटेल, बीसी ओंकार गौतम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा गौतम सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे। अंत में ग्राम पंचायत सचिव रामावतार साकेत ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
