![]() |
| गोपनीय शिकायत पेटी लगाने की मांग पर तुरंत अमल |
इंदौर - पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करने और क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए चंदन नगर पुलिस द्वारा 'जनसंवाद' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पश्चिम क्षेत्र के ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित दस्तक स्कूल परिसर में कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्धजन, अधिवक्ता, व्यापारी और स्थानीय रहवासी शामिल हुए। इस दौरान पुलिस ने जहां साइबर ठगी और नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया, वहीं जनता ने भी अपनी सुरक्षा से जुड़ी मांगें अफसरों के सामने रखीं। संवाद के दौरान रहवासियों ने सुझाव दिया कि इलाके में ऐसी शिकायत पेटी लगाई जाए, जिससे लोग अपनी पहचान गुप्त रखकर असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस तक पहुँचा सकें। इस सुझाव पर एसीपी शिवेंदु जोशी ने सहमति जताई और अमल करने के निर्देश दिए। वहीं, जनप्रतिनिधि शादाब पटेल ने जनसहयोग से यह पेटियां उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की समस्या आई सामने
कार्यक्रम के दौरान जाहिद मिर्जा ने अफसरों को बताया कि क्षेत्र में नाबालिग बच्चे तेज रफ़्तार से वाहन दौड़ाते हैं, जिससे हादसों का डर बना रहता है। इसके साथ ही घरेलू हिंसा और क्षेत्र की अन्य कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं भी साझा की गईं। एसीपी जोशी और टीआई श्री तिलक करोले जी ने भरोसा दिलाया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और नशे के अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जनसंवाद में महिलाएं भी उपस्थित थी। यहां शाहीन साजिद अली और इरशाद पठान ने इस बात पर जोर दिया कि नशे की लत से बचने के लिए परिवार के लोग भी बढ़ाकर कम करें और पुलिस की मदद करें वही एडवोकेट सानिया कुरैशी ने शराब दुकान के बाहर नशेड़ियों के जमघट को लेकर आपत्ति जताई और कार्रवाई की मांग की।
नशे और साइबर फ्रॉड के प्रति किया जागरूक
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने वर्तमान में बढ़ रहे साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके बताए। उन्होंने अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ओटीपी साझा करें। इसके अलावा, युवाओं में बढ़ते नशे की लत को लेकर भी चिंता जताई गई और समाज से पुलिस का साथ देने की अपील की गई।
रहवासियों ने दिया धन्यवाद
ग्रीनपार्क कॉलोनी में पहली बार इस तरह से पुलिस अफसरों को अपने बीच पाकर और खुलकर चर्चा करने के अवसर पर रहवासियों ने विभाग का आभार माना। टीआई तिलक करोले ने कहा कि जनता के सहयोग के बिना अपराध मुक्त समाज की कल्पना कठिन है, इसलिए इस तरह के संवाद भविष्य में भी लगातार आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सैयद जाफर अली ने किया। वही आभार सरफराज अंसारी ने माना। अधिकारियों का स्वागत डॉक्टर ए यू खान, शरीफ पटेल तौफीक भाई, मोहम्मद यूनुस सर, शकील भाई ने किया कार्यक्रम में शकील भाई, जाकिर खान, डा निजाम काजी,आसिफ भाई हाजी शरीफ, अनवर भाई ठेकेदार, व्यापारी व क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।

