मऊगंज उपजेल में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, कैदियों से वसूली के आरोपों में प्रहरी निलंबित Aajtak24 News

मऊगंज उपजेल में रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, कैदियों से वसूली के आरोपों में प्रहरी निलंबित Aajtak24 News 

मऊगंज - मऊगंज उपजेल में कैदियों और उनके परिजनों से अवैध रूप से पैसे लेने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पैसे की मांग और लेन-देन से जुड़ा वीडियो व स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद जेल प्रशासन हरकत में आया। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर उपजेल मऊगंज में पदस्थ प्रहरी प्रकाश सिंह बघेल को निलंबित कर दिया गया है। मामला मंगलवार दोपहर उस समय उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हुए। इनमें उपजेल मऊगंज का एक प्रहरी कैदी से पैसे की मांग करता और कैदी द्वारा पैसे दिए जाने के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। वीडियो संज्ञान में आने के कुछ ही घंटों के भीतर जेल अधीक्षक ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रहरी को निलंबित कर दिया।

इस पूरे मामले की शिकायत चितईपुरवा गांव निवासी अम्ब्रीश (अमरेश उर्फ पिंटू) द्विवेदी ने कलेक्टर मऊगंज को पत्र लिखकर की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 16 दिसंबर 2025 को उपजेल मऊगंज लाए जाने के बाद प्रहरी प्रकाश सिंह बघेल ने उसे और अन्य बंदियों के साथ करीब दो घंटे तक मारपीट की। इसके बाद परिजनों से मोबाइल के जरिए पैसे मंगवाए गए। आरोप है कि पहले ₹20 हजार, फिर जेलर के नाम पर ₹20 हजार और लिए गए। इसके अलावा हर मुलाकात पर परिजनों से ₹1000 से ₹4000 तक की वसूली की जाती थी। शिकायत पत्र में यह भी आरोप लगाए गए कि पैसे न देने पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जाती थी। जेल में अवैध रूप से नशे की सामग्री (बीड़ी, सिगरेट, शराब) की सप्लाई कर मोटी रकम वसूली जाती थी। साथ ही खाने की गुणवत्ता बेहद खराब होने, लकड़ी चोरी कर खाना बनवाने और निरीक्षण से पहले बंदियों को धमकाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए।

शिकायत मिलने पर केंद्रीय जेल अधीक्षक द्वारा प्रारंभिक जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। इसके बाद जेल अधीक्षक एसके उपाध्याय ने प्रहरी प्रकाश सिंह बघेल को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय जिला जेल अनूपपुर नियत किया गया है और उसे जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। केंद्रीय जेल अधीक्षक सतीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि संबंधित प्रहरी के खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी थीं और पूर्व में भी उस पर कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post