![]() |
| गंगेव लालगांव मार्ग पर भीषण हादसा: दो ट्रैक्टरों की टक्कर में मृतकों की संख्या 4 हुई, दर्जनों घायल Aajtak24 News |
रीवा - गंगेव लालगांव मार्ग पर कुछ दिन पूर्व अमहा चौकी लालगांव क्षेत्र अंतर्गत घटित भीषण सड़क दुर्घटना में मृतकों की संख्या अब चार हो गई है। दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने की टक्कर में दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से इलाज के दौरान अब तक चार लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। मृतकों में रामविलास साकेत (55), महेश साकेत (32), केसरी साकेत (15) और रामराज साकेत (10) शामिल हैं, जो मऊगंज, मनगवा और लौर थाना क्षेत्रों के निवासी थे। इस हृदय विदारक घटना के बाद से पीड़ित परिवारों में मातम पसरा हुआ है, और मृतकों के घरों में कोहराम मचा है। स्थानीय ग्रामीणों में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद से अब तक जिला प्रशासन या किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा कोई आर्थिक या चिकित्सकीय सहायता प्रदान नहीं की गई है। घायलों का इलाज वर्तमान में जिला अस्पताल और निजी चिकित्सा केंद्रों में चल रहा है। हालांकि, परिजनों का यह भी कहना है कि इलाज में घोर लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण कई घायल मरीजों की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल मृतकों के परिजनों को मुआवजा राशि, घायलों को उचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। गौरतलब है कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद, खबर लिखे जाने तक वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे प्रशासन की चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं।
