हत्या का मुख्य इनामी आरोपी गिरफ्तार: प्रेम प्रसंग के चलते 17 वर्षीय किशोर की हुई थी हत्या Aajtak24 News

हत्या का मुख्य इनामी आरोपी गिरफ्तार: प्रेम प्रसंग के चलते 17 वर्षीय किशोर की हुई थी हत्या Aajtak24 News

मऊगंज - पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री दिलीप कुमार सोनी के निर्देशन में चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत, थाना नईगढ़ी पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस के मुख्य फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी मृत्युंजय शर्मा उर्फ इंस्पेक्टर पर पुलिस अधीक्षक मऊगंज द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। यह गिरफ्तारी घटना के लगभग 14 महीने बाद हुई है।

क्या थी घटना?

मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 15 अगस्त 2024 को देवरी सेंगरान निवासी 17 वर्षीय सुमित शर्मा पुत्र सुभाष चंद्र शर्मा रात करीब 9 बजे फोन पर बात करते हुए घर से बाहर निकला था। जब परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो फोन नहीं उठा। अगले दिन, 16 अगस्त 2024 को सुबह लगभग 7 बजे सुमित का शव घर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर खेत में मिला। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। प्रारंभिक पंचनामा कार्यवाही के बाद आरोपियों की तलाश शुरू हुई, लेकिन कई महीनों तक कोई सुराग नहीं लगा।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह:

लगातार जांच और आस-पड़ोस की गहन पूछताछ के बाद, पुलिस को हत्या के संबंध में साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। पुलिस ने 16 जुलाई 2025 को तीन संदिग्धों – दुर्गेश तिवारी, अर्पित त्रिपाठी और अनित त्रिपाठी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में तीनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने खुलासा किया कि मृतक सुमित शर्मा का पड़ोस में प्रेम प्रसंग चल रहा था। बार-बार परिजनों द्वारा मना करने के बावजूद भी सुमित नहीं मान रहा था। इसी बात से नाराज आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुमित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत, सभी ने मिलकर सुमित की हत्या कर दी और उसके शव को खेत में फेंककर फरार हो गए।

तीन आरोपी पहले ही हो चुके गिरफ्तार:

पुलिस ने घटना का खुलासा होने के तुरंत बाद तीन आरोपियों – दुर्गेश तिवारी, अर्पित त्रिपाठी और अनित त्रिपाठी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया था। हालांकि, इस जघन्य वारदात का मुख्य षड्यंत्रकारी मृत्युंजय शर्मा उर्फ इंस्पेक्टर घटना के समय से ही फरार चल रहा था।

इनामी मुख्य आरोपी गिरफ्तार:

फरार चल रहे मुख्य आरोपी मृत्युंजय शर्मा उर्फ इंस्पेक्टर पुत्र पुरषोत्तम शर्मा (उम्र 32 वर्ष, निवासी देवरी सेंगरान) पर पुलिस अधीक्षक मऊगंज द्वारा 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। अति. पुलिस अधीक्षक मऊगंज श्री विक्रम सिंह परिहार और एसडीओपी महोदया मऊगंज श्रीमती सचि पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक जगदीश सिंह ठाकुर के कुशल नेतृत्व में गठित टीम ने अथक प्रयास के बाद आज दिनांक 12 अक्टूबर 2025 को आरोपी मृत्युंजय शर्मा को नईगढ़ी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे की चाकू को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।

विशेष योगदान:

इस महत्वपूर्ण सफलता में थाना प्रभारी जगदीश सिंह ठाकुर, सउनि नारायण प्रसाद पाण्डे, प्र.आर. रामकुमार भास्कर, आर. अविनाश सिंह, प्रकाश कुशवाहा, पंकज शुक्ला, चंदन यादव और सुरेंद्र यादव का विशेष योगदान रहा।



Post a Comment

Previous Post Next Post