![]() |
| प्रेम प्रसंग की रंजिश में ढाबा गौतमान गांव दहला, पिता की पीट-पीटकर हत्या, 9 घायल Aajtak24 News |
मऊगंज - नवागत जिले मऊगंज में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बार फिर 'जर, जोरू और जमीन' की रंजिश ने धरती को लाल कर दिया है। अभी लोग चर्चित 'गडरा कांड' को भूले भी नहीं थे कि हनुमना थाना क्षेत्र के ढाबा गौतमान गांव में होली के दिन हुए खूनी संघर्ष ने जिले को दहला दिया। इस हिंसक झड़प में 55 वर्षीय रघुवीर पटेल की निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि दोनों पक्षों के 9 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
विवाद की जड़: प्रेम प्रसंग और कोर्ट का फैसला
इस पूरे हत्याकांड की पृष्ठभूमि दो साल पुराने एक प्रेम प्रसंग से जुड़ी है। मृतक रघुवीर पटेल के बेटे पूरन लाल पटेल का गांव की ही साकेत परिवार की एक युवती के साथ संबंध था, जिसे लेकर दोनों पूर्व में घर से भाग गए थे। पुलिस ने युवती को बरामद कर पूरन लाल पर मामला दर्ज किया था। हाल ही में न्यायालय ने साक्ष्यों के अभाव में पूरन लाल को बरी (रिहा) कर दिया। कोर्ट के इस फैसले ने साकेत परिवार की रंजिश को और हवा दे दी, जो अंततः होली के दिन कत्ल की वजह बनी।
होली के रंग में घुला खून
4 मार्च को जब गांव में खुशियों का माहौल था, तभी साकेत परिवार के लगभग 18 से 20 लोगों ने लामबंद होकर पूरन लाल को घेर लिया। गाली-गलौज से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते लाठी-डंडों और पत्थरों की बारिश में बदल गया। अपने बेटे को हमलावरों के बीच घिरा देख पिता रघुवीर पटेल उसे बचाने दौड़े, लेकिन हमलावरों ने पत्थर से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इस संघर्ष में रघुवीर पटेल की पत्नी, बेटा पूरनलाल और संदीप पटेल गंभीर रूप से घायल हुए। रघुवीर पटेल को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्होंने दम तोड़ दिया। दूसरे पक्ष के भी 5 लोग घायल हैं।
पुलिस छावनी बना गांव, तनाव बरकरार
रघुवीर पटेल की मौत की खबर फैलते ही गांव में भारी तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मऊगंज एसडीओपी सची पाठक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं। फिलहाल गांव पुलिस छावनी में तब्दील है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
