![]() |
| रीवा के देवरी कोठार में संदिग्ध मौत: घर में फांसी पर झूलता मिला युवक, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप Aajtak24 News |
रीवा - जिले के त्योंथर तहसील अंतर्गत गढ़ थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरी कोठार में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक का शव उसके ही घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। वहीं मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है और पुलिस से हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत देवरी कोठार निवासी हीरालाल यादव (35 वर्ष) पिता रामलाल यादव का शव बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे उसके घर के अंदर फांसी के फंदे में झूलता हुआ पाया गया। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और वह घर में अकेला रहता था। मृतक की छोटी-छोटी बच्चियां हैं, जो अपने पिता की इस स्थिति को देखकर दहशत में आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के चचेरे भाई अभिषेक यादव ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके भाई की हत्या की गई है। उनका कहना है कि किसी ने हीरालाल को पहले शराब पिलाई और उसके बाद उसकी हत्या कर शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक हत्या का मामला दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक शव को थाने के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिजनों के अनुसार हीरालाल यादव 4 मार्च 2026 की सुबह से ही घर से लापता था। देर रात करीब 10 बजे उसे घर में देखा गया था, लेकिन इसके बाद सुबह 8:30 बजे वह घर के अंदर फांसी के फंदे में झूलता हुआ मिला। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
वहीं इस मामले में गढ़ थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
