चरित्र शंका से तंग पत्नी ने की पति की हत्या, तकिये से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट Aajtak24 News

चरित्र शंका से तंग पत्नी ने की पति की हत्या, तकिये से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट Aajtak24 News

जांजगीर-चांपा - चरित्र शंका के चलते पति द्वारा लगातार मारपीट और गाली-गलौज से परेशान होकर एक पत्नी ने अपने ही पति की तकिये से गला दबाकर हत्या कर दी। घटना चांपा के मंझली तालाब क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी दुर्गा बड़ाइक को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तकिये को भी जब्त कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय थवाईत ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 7 सितंबर 2025 को शाम करीब 6-7 बजे उसका जीजा सोमराज बड़ाईक शराब पीकर घर आया और उसकी बहन दुर्गा बड़ाइक पर चरित्र शंका करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। प्रार्थी ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। रात्रि करीब 9 बजे दुर्गा बड़ाइक ने अपने भाई को बताया कि उसका पति फिर से मारपीट कर रहा है और वह इससे तंग आकर अपने पति की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना पर प्रार्थी ने घर जाकर देखा तो जीजा सोमराज बड़ाईक बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़ा था। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (भापुसे) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कश्यप, एसडीओपी चांपा श्री यदुमनी सिदार को सूचित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने महिला आरोपी दुर्गा बड़ाइक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसका पति सोमराज बड़ाईक आए दिन शराब पीकर चरित्र शंका के चलते उसके साथ मारपीट करता था, जिससे वह अत्यधिक परेशान थी। इसी तंग आकर उसने अपने दोनों हाथों और तकिये की मदद से पति का गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी दुर्गा बड़ाइक (उम्र 35 वर्ष, निवासी मंझली तालाब, चांपा) के विरुद्ध पर्याप्त सबूत मिलने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। घटना में प्रयुक्त तकिये को भी जब्त कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, सिलमनी टोप्पो, आरक्षक वीरेश सिंह, शंकर राजपूत, मुद्रिका दुबे, संजय साहू और भूपेंद्र राठौर की विशेष भूमिका रही।


Post a Comment

Previous Post Next Post