मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ का जिला स्तरीय सम्मेलन संपन्न sampann Aaj Tak 24 news |
दमोह - मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष शलभ भदौरिया ने कहा है कि पत्रकार को किसी भी मुद्दे पर लिखने और बात करने के लिए उस विषय की पूरी जानकारी होनी जरूरी है। वे 25 जून को दमोह के मानस भवन में आयोजित संघ के दमोह जिला सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ब्यूरो और ब्यूरो चीफ का मतलब समझाते हुए कहा कि अनेक पत्रकार अपने को ब्यूरो चीफ लिखकर हंसी का पात्र बनते हैं। सम्मेलन में प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री जयन्त मलैया ने कहा कि विचारों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है लेकिन इसमें पक्ष के साथ विपक्ष की बात भी दी जानी चाहिए। उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा कर प्रयास करने का आश्वासन दिया। संघ के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष मो. अली ने कहा कि पहले छोटी सी खबर पर भी एक्शन हो जाता था लेकिन आज पूरा पन्ना भी भर दो तो कुछ नहीं होता। क्योंकि आज पत्रकारों की गरिमा धूमिल हो रही है। पत्रकार नेताओं और अधिकारियो की गोदी में बैठ गए हैं। उन्होंने बताया कि संघ की मांग पर शासन द्वारा अधिमान्यता नियम को सरल कर दिया गया है। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रामकिशोर अग्रवाल ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि राज्य में आज सर्वाधिक सदस्यों वाला और सक्रिय संगठन मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ है। इसके पीछे संगठन के मुखिया शलभ भदौरिया का सक्षम नेतृत्व और सभी साथियों की मेहनत है। इसलिए जरूरी है कि संगठन की गतिविधियों में सभी सदस्य शामिल होकर एकजुटता दिखाएं। प्रदेश महासचिव सुनील त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर पूरे प्रदेश के पत्रकार प्रांताध्यक्ष शलभ भदौरिया के नेतृत्व में मजदूर दिवस पर भोपाल में एकजुट हुए। जिससे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पत्रकार सुरक्षा कानून पर विचार कर निर्णय लेने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि नवोदित पत्रकार अपने वरिष्ठों से सीखें। अधिकारी, नेता से मिलने अध्ययन कर जाएं तभी पत्रकारों का सम्मान वापस लौटेगा। संघ के संभाग अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल ने भी संगठन में एकजुटता की जरूरत बताई। छतरपुर जिलाध्यक्ष श्याम खरे ने कहा कि संगठन के साथियों के साथ कोई अधिकारी या नेता गलत करता है तो पूरा संगठन उसके साथ खड़ा है। सागर जिलाध्यक्ष प्रमोद राजपूत ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाएं तभी हम पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवा सकेंगे। पन्ना जिलाध्यक्ष धनंजय श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन के लगातार होते कार्यक्रमों से मजबूती आई है। उन्होंने अगस्त में होने वाले संभागीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए सभी को आमंत्रण दिया। हटा विधायक पीएल तन्तुवाय ने पत्रकारों की समस्याओं को सुलझाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।पूर्व विधायक उमादेवी खटीक ने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी अपना काम कर लोकतांत्रिक व्यवस्था में योगदान देते हैं। पथरिया के नगर परिषद अध्यक्ष सुंदर लाल विश्वकर्मा ने कहा कि पत्रकारों को तमाम कठिनाइयों का सामना कर सच्चाई उजागर करनी पड़ती है। पूर्व नपाध्यक्ष मनु मिश्रा ने कहा कि भदौरिया जी हमेशा पत्रकारो के हितों व सम्मान की रक्षा के लिए सक्रिय रहते हैं और इसके लिए संघर्ष किया है। पत्रकार समाज के विकास में काम कर रहे है। कमियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। समाज और शासन, प्रशासन के बीच कड़ी का काम कर रहे हैं। पथरिया नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने कहा कि लोगों की जब शासन, प्रशासन और नेताओं से सुनवाई नहीं होती तब वे पत्रकारों के पास पहुंचते हैं। इसलिए पत्रकार अपनी गरिमा बनाकर रखें और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरें। प्रदेश सचिव रामशरण पारासर, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य हरिप्रकाश अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया।जिलाध्यक्ष विजय श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि दमोह जिले में संघ के 220 सदस्य हैं। संघ का प्रतिवेदन महासचिव राम अवतार पाली ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन आजम खान ने किया। कार्यक्रम में विधायक अजय टन्डन, संघ के संभागीय महासचिव प्रतीक खरे के साथ ही संभागीय पदाधिकारी, संभाग के विभिन्न जिलों के सदस्यों के साथ जिले के अनेक स्थानों से आए संगठन के साथी मौजूद रहे।आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। सम्मेलन का समापन देश में विभिन्न पत्रकारों ने निधन पर शोक श्रद्धांजलि अर्पित कर और दो मिनट का मौन धारण करने के साथ हुआ।