अन्नपूर्णा रसोई में सूरत से आए 10 मजदूरों को सांसद पुत्र ने कराया भोजन
बुरहानपुर (अमर दिवाने) - निमाड़ के जननेता स्व. नंदकुमारसिंह चौहान के पुत्र हर्षवर्धनसिंह चौहान द्वारा जिला अस्पताल में अन्नपूर्णा रसोई संचालित की जा रही है। इस दौरान काफी लोगों की मदद हो रही है। शुक्रवार को यहां सांसद पुत्र ने सूरत से उड़ीसा पैदल जा रहे मजदूरों को सुबह शाम का भोजन कराया। उनकी परेशानी को देखते हुए करीब 10 मजदूरों के टिकट भी करवाए।
दरअसल यह मजदूर सूरत से पैदल निकले हैं। जिस ठेकेदार के पास यह काम करते हैं वह उन्हें कोरोना संक्रमण के कारण फैक्ट्री बंद होने से छोड़कर भाग गया। इसके बाद मजदूर भी बेरोजगार हो गए। उनके पास पैसा भी नहीं था। इसलिए वापस अपने शहर उड़ीसा के लिए निकले, लेकिन जगह जगह परेशानी आई। बुरहानपुर पहुंचने पर कुछ मीडियाकर्मी उन्हें जिला अस्पताल लाए। यहां सांसद पुत्र हर्षवर्धनसिंह चौहान ने उनकी मदद की। मजदूरो को दोपहर और शाम का भोजन कराया। साथ ही उनकी परेशानी को देखते हुए सभी 10 लोगों के ट्रेन के टिकट भी करवाए। उन्हें शनिवार को उनके घर के लिए रवाना कर दिया जाएगा।
गरीबों के लिए मददगार साबित हो रही अन्नपूर्णा रसोई
गौरतलब है कि कुछ समय पहले ही सांसद नंदकुमार सिंह चौहान की स्मृति में उनके बेटे हर्षवर्धनसिंह चौहान द्वारा जिला अस्पताल में मरीजों को भोजन मुहैया कराया जा रहा है। यहां मरीजो के अटेंडर और कोविड मरीजों को भी भोजन दिया जा रहा है। गरीबों के लिए यह अन्नपूर्णा रसोई काफी मददगार साबित हो रही है। शुक्रवार को करीब 10 मजदूर यहां पहुंचे तो उन्हें दोनों समय का भोजन भी कराया गया। इसी तरह कईं लोगों के लिए यह रसोई कारगर साबित हो रही है।