जनसुनवाई में सुनी गई जनता की समस्या
बालाघाट (देवेंद्र खरे) - प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 03 मार्च 2020 को कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। इसमें अपर कलेक्टर श्री राजकुमार खत्री, डिप्टी कलेक्टर श्री रविन्द्र परमार, सुश्री निकिता मंडलोई एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदकों के आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये। जनसुनवाई में कुल 123 आवेदन प्राप्त हुये है।
जनसुनवाई में बालाघाट तहसील के ग्राम भमोड़ी का किसान कुंवरलाल अपने खेत के सागौन के पेड़ काटने की अनुमति देने की मांग लेकर आया था। उसका कहना था उसने 05 वर्ष 08 माह पहले अनुमति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसे अब तक अनुमति नहीं मिली है। अत: उसे शीघ्र अनुमति दिलायी जाये। जनसुनवाई में माध्यमिक शाला बोट्टा-हजारी के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक मानकिशोर वाहने शिकायत लेकर आये थे कि वे 31 दिसम्बर 2019 को सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई भी क्लेम का भुगतान नहीं किया गया है। अत: उन्हें सभी क्लेम का भुगतान शीघ्र कराया जाये।
लांजी तहसील के ग्राम मनेरी का मोहनलाल लाड़े प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आया था। उसका कहना था कि उसका मकान पूरी तरह से टूट चुका है। खैरलांजी तहसील के ग्राम टुईयापार की इंदू सोनवाने शिकायत लेकर आयी थी उसके पति ओकारलाल सोनवाने माध्यमिक शाला भंडारबोड़ी में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ थे और उनका निधन 17 फरवरी 2019 को हो गया है। लेकिन उसे एक साल बाद भी पेंशन परिवार पेंशन नहीं मिल रही है। अत: उसे शीघ्र पेंशन दिलायी जाये।
Tags
dhar-nimad
