जनसुनवाई में आमजन की शिकायतों का निराकरण किया गया | Jansunvai main aamjan ki shikayato ka nirakaran kiya gaya

जनसुनवाई में आमजन की शिकायतों का निराकरण किया गया

उज्जैन (रोशन पंकज) - प्रति मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में आज लगभग 70 से अधिक आवेदकों ने अपने आवेदन कलेक्टर श्री शशांक मिश्र, अपर कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी, एसडीएम श्री जगदीश मेहरा, श्री आरएम त्रिपाठी को प्रस्तुत किये। आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए सम्बन्धित विभागों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिये गये हैं।

जनसुनवाई में कमल कॉलोनी उज्जैन निवासी एक आवेदक ने आवेदन दिया कि उनके घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन के तार गुजर रहे हैं तथा इनको हटाने के आदेश भी एमपीईबी द्वारा दे दिये गये हैं, किन्तु ठेकेदार जब लाइन हटाने जाता है तो वहां पर कतिपय दबंगों द्वारा उसे लाइन हटाने नहीं दी जा रही है। इस सम्बन्ध में एमपीईबी को कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं। इसी तरह ढांचा भवन निवासी श्रीमती अवन्तिबाई ने शिकायत की कि उनको प्रधानमंत्री आवास की किश्त नहीं प्राप्त हो रही है। कलेक्टर ने नगर निगम को कार्यवाही के लिये निर्देश दिये हैं। उज्जैन निवासी शमसुद्दीन ने अपनी हड्डी की बीमारी का ऑपरेशन कराने के लिये सहायता का आवेदन दिया। कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तुरन्त कार्यवाही के लिये निर्देश दिये हैं।

उज्जैन निवासी गिरधारीलाल मालवीय ने शिकायत की कि बंटवारे में उन्हें मकान का पीछे का हिस्सा मिला है, किन्तु जाने के लिये छोटा भाई चढ़ाव बनाने नहीं दे रहा है। उनकी वृद्ध पत्नी को आने-जाने में अत्यधिक दिक्कत हो रही है, इसलिये सहायता प्रदान की जाये। कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में सम्बन्धित थाने को कार्यवाही के लिये लिखा है। गणेशपुरा निवासी राहुल ने अपने निकट सम्बन्धी से 50 हजार के लेन-देन के सम्बन्ध में शिकायत की है। कार्यवाही के लिये सम्बन्धित थाने को बताया गया है। इसी तरह ग्राम ऐरवास के लक्ष्मण ने शिकायत की कि कतिपय व्यक्तियों ने पट्टे से ज्यादा जमीन पर कब्जा कर उनका रास्ता रोक दिया है। कलेक्टर ने सम्बन्धित तहसीलदार को रास्ता दिलवाने के लिये निर्देश दिये हैं।

मस्तराम अखाड़ा निवासी महिलाओं जिनमें उमा, पद्मिनी गायकवाड़, शान्ताबाई, कृष्णा आदि शामिल हैं, ने कलेक्टर को आवेदन दिया कि वे जिस जमीन पर वर्षों से कब्जा कर रह रही हैं, वहां पर उन्हें स्थाई पट्टे प्रदान किये जायें। इस सम्बन्ध में परीक्षण करने के निर्देश नगर निगम एवं सम्बन्धित तहसीलदार को दिये गये हैं। ग्राम सिकन्दरी तहसील उज्जैन निवासी बाबूलाल ने शिकायत की है कि खान डायवर्शन लाइन खराब होने के दौरान उनके ढाई बीघा खेत पर लाइन को दुरूस्त करने के लिये बड़ा-सा गड्ढा जल संसाधन विभाग द्वारा खोदा गया। लाइन ठीक होने के बाद उक्त गड्ढे को सम्बन्धित विभाग द्वारा भरा नहीं गया है और इस कारण वे अपने खेत पर खेती से वंचित हो गये हैं। इस गड्ढे को सम्बन्धित विभाग द्वारा पाटा जाये। शिकायत जल संसाधन विभाग को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेज दी गई है। पंवासा निवासी रघुनाथ ने शिकायत की कि मचान गिरने से उनका पांव टूट गया और इलाज के लिये पैसे नहीं हैं। रघुनाथ को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के पास आवश्यक सहायता के लिये भेजा गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post