विधानसभा उपाध्यक्ष ने अधिकारियों के साथ जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान का लिया जायजा
बालाघाट (देवेन्द्र खरे) - मध्यप्रदेश विधानसभा की उपाध्यक्ष सुश्री हिना कावरे ने आज 21 जनवरी को कलेक्टर श्री दीपक आर्य, पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक तिवारी, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रजनी सिंह, वन मंडलाधिकारी श्री अंसारी एवं सहायक कलेक्टर श्री अक्षय तेम्रावाल के साथ किरनापुर एवं लांजी क्षेत्र के जंगल के करीब बसों ग्रामों का भ्रमण किया और वहां के किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से हो रहे नुकसान को देखा। इस दौरान एसडीएम श्री चन्द्रप्रताप गोहल भी मौजूद थे।
विधानसभा उपाध्यक्ष सुश्री कावरे ने अधिकारियों के साथ लांजी तहसील के ग्राम बड़गांव, कोचेवाही, खोलमारा, पौनी, पिपलगांव कला एवं पूर्वाटोला का भ्रमण कर वहां पर खेतों में लगी फसलों को देखा और ग्रामीणों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणो से चर्चा के दौरान कहा कि उन्हें इस क्षेत्र के किसानों से लगातार सूचना मिल रही थी कि उनकी फसलों को जंगली जानवरों से नुकसान पहुंच रहा है। वे स्वयं इस समस्या से चिंतित थी और आज जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ इस समस्या के समाधान के लिए आयी है।
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री आर्य ने कहा कि जिन ग्रामों में किसानों द्वारा लगाई गई सब्जियों की फसल को नुकसान हो रहा वहां पर फेंसिंग कर पशुओं को आने से रोका जा सकता है। इसके लिए ऐसे ग्रामों को चिन्हित कर उसमें सब्जियों की खेती वाले क्षेत्र का एक पेंच बनाना होगा। प्रयोग के तौर इस सुझाव को अमल में लाया जा सकता है। इसमें वन विभाग से भी मदद ली जायेगी। अधिकारियों ने ग्राम पौनी मुख्यमंत्री सरोवर के लिए चयनित स्थल का भी निरीक्षण किया।
Tags
dhar-nimad