![]() |
| संदीप किराना स्टोर में लगी आग से दहला कस्बा, दमकल की 3 गाड़ियों और 30 टैंकर पानी से बुझी लपटें Aajtak24 News |
रीवा - पुराना राष्ट्रीय राजमार्ग 27 स्थित गढ़ थाना के ठीक सामने संचालित 'संदीप किराना स्टोर' में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि कुछ ही देर में पूरा कस्बा धुएं के गुबार से भर गया और दमकल की गाड़ियों के सायरन से ग्रामीणों की नींद खुल गई।
थाना प्रभारी की तत्परता और रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी समीपस्थ निवासी सुशील गुप्ता ने तुरंत गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए मनगवां नगरपालिका, नईगढ़ी और सोहागी थाना प्रभारियों से संपर्क कर दमकल गाड़ियां मंगवाईं। दुकान का शटर अंदर से बंद होने के कारण JCB मशीन बुलाकर शटर को तोड़ा गया, जिसके बाद आग बुझाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हुआ।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
सुबह करीब 4:20 बजे से आग बुझाने का क्रम शुरू हुआ। नईगढ़ी और सोहागी से आईं दमकल गाड़ियों ने मिलकर करीब 30 गाड़ी पानी का छिड़काव किया, तब जाकर कहीं सुबह आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया जा सका। इस दौरान गढ़ TI अवनीश पांडे स्वयं मौके पर मौजूद रहकर पूरी कार्रवाई की निगरानी करते रहे।
नुकसान का आंकलन जारी
दुकान संचालक पुष्पेंद्र पांडेय के बड़े भाई सुजीत गुप्ता ने जानकारी दी कि दुकान काफी पुरानी और बड़ी थी, जिसमें भारी मात्रा में सामान भरा हुआ था। वर्तमान में सामान का मिलान किया जा रहा है, जिसके बाद ही वास्तविक आर्थिक हानि का पता चल सकेगा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दुकान में रखे महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और नकदी के भी जलने की आशंका है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच में जुटी पुलिस
गढ़ थाना प्रभारी अवनीश पांडे ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष द्वारा नुकसान की लिखित रिपोर्ट मिलने के बाद ही वास्तविक स्थिति साफ हो पाएगी।
