पांच मेडिकल स्टोर्स से लिए गये दवाओं के नमूने | Panch medical stores se liye gaye davao ke namune

पांच मेडिकल स्टोर्स से लिए गये दवाओं के नमूने

पांच मेडिकल स्टोर्स से लिए गये दवाओं के नमूने

बालाघाट (देवेन्द्र खरे) - प्रदेश सरकार के अभियान शुद्ध के लिए युद्ध के अंतर्गत औषधि निरीक्षक श्री शरद कुमार जैन द्वारा जिले में निरंतर मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के विभिन्न स्थानों के पांच मेडिकल स्टोर्स से दवाओं के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के भोपाल भेजे गये है।

औषधि निरीक्षक द्वारा गत दिवस मेसर्स महर्षि मेडिकल स्टोर्स बालाघाट से दो औषधियों के नमूने, मेसर्स निरंकार मेडिकल स्टोर्स बालाघाट से तीन औषधियों के नमूने, मेसर्स आशियाना मेडिकल एजेंसी बालाघाट से दो वेटरनरी औषधि एवं साबुन के नमूने, भोगाड़े मेडिकल स्टोर्स डोंगरमाली से दो औषधियों के नमूने एवं मेसर्स कल्याणी मेडिकल स्टोर्स, खैरलांजी से दो औषधियों के नमूने लिए गये है जिन्हें जाँच के लिए भोपाल स्थित लेबोरेटरी भेजा गया है ।

जिले में स्थित मेडिकल स्टोर्स की नियमित जांच की जा रही है। पूर्व में किये गये निरीक्षण में पाया गया कि दुकानो के संचालन में औषधी और प्रसाधन सामग्री अधिनियम का पालन नहीं किया जा रहा है। मेसर्स महेश मेडिकल स्टोर्स, पल्हेरा, तहसील बिरसा को खांसी में उपयोग होने वाला कफ सिरप कोडीस्टार के स्टॉक में गड़बड़ी होने के कारण नोटिस दिया गया है कि क्यों न उनका लायसेंस निलम्बित या निरस्त कर दिया जाये। मेसर्स गिरमाजी देशमुख मेडिकल स्टोर्स, मोहगांव (मलाजखंड) के प्रोप्राइटर को फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाओ के विक्रय एवं काम्पोस इंजेक्शन एवं सिरप कोडीस्टार के स्टॉक में गड़बड़ी होने के कारण नोटिस जारी किया गया है । मेसर्स चौहान मेडिकल स्टोर्स, मंडई में साफ़ सफाई का ध्यान नहीं रखे जाने एवं नींद की दवा अल्प्राविन और गर्भपात की दवा के रिकॉर्ड नहीं प्रस्तुत करने के कारण नोटिस जारी किया गया है ।

औषधि निरीक्षक श्री जैन ने बताया कि बालाघाट स्थित मेसर्स खुशबु जनरल स्टोर्स बालाघाट द्वारा अवैध रूप से बिना औषधि विक्रय लाइसेंस के औषधियों का विक्रय किया जा रहा था । औषधि निरीक्षक द्वारा औषधि पेनडर्म प्लस, बेटनोवेट-सी एवं बिना अवसान तिथि वाली कॉस्मेटिक रेक्सी स्नो को जब्त कर माननीय न्यायालय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बालाघाट से समक्ष प्रस्तुत किया गया है | दुकान से तीन कॉस्मेटिक एवं उपरोक्त दो औषधियों के नमूने भी लिए गये है ।

Post a Comment

Previous Post Next Post