02 दिसंबर से प्रारंभ होगी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी
बालाघाट (देवेंद्र खरे) - किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम दिलाने एवं उन्हें बिचौलियों व दलालों के शोषण से बचाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 02 दिसंबर 2019 से प्रारंभ की जायेगी। पूर्व में समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 25 नवंबर से प्रारंभ होने वाली थी। अब प्रदेश शासन द्वारा इस तिथि को बढ़ाकर 02 दिसम्बर 2019 कर दिया गया है।जिला आपूर्ति अधिकारी श्री एस एच चौधरी ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए खरीफ विपणन वर्ष 2019-20 में बालाघाट जिले के एक लाख 16 हजार 88 किसानों का पंजीयन किया गया है। सभी 165 खरीदी केन्द्रों पर 6-6 इलेक्ट्रानिक तौल कांटे एवं 4-4 सिलाई मशीनों की इंतजाम कर लिया गया है। सभी खरीदी केन्द्रों के लिए बारदाने की भी पर्याप्त व्यवस्था की गई है। खरीदी केन्द्रों पर खरीदे गये धान का उठाव कर निर्धारित गोदाम एवं ओपन केप तक पहुंचाने के लिए परिवहन की भी तैयारियां कर ली गई है शासन के निर्देशों के अनुसार किसानों को उनके मोबाईल पर एसएमएस द्वारा खरीदी केन्द्र पर धान लाने की तिथि बताई जायेगी। किसानों को इस नियत तिथि को ही धान लेकर आना है। गांव के कोटवार द्वारा भी किसानों को सूचित किया जायेगा कि किस किसान को किस दिन धान लेकर आना है। इसके लिए कोटवारों के मोबाईल में 400 रुपये का रिचार्ज भी कराया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी खरीदी केन्द्रों के लिए बारदाने का भंडारण निर्धारित स्थलों पर कर दिया जाये। जिससे जरूरत पड़ने पर खरीदी केन्द्रों में शीघ्रता से बारदाने उपलब्घ कराये जा सकेगें। सभी खरीदी केन्द्रों पर एफएक्यू मापदंड के अनुसार ही धान की खरीदी की जाना है। जिले के किसी भी केन्द्र में मुख्य सड़क के किनारे धान की खरीदी नहीं की जायेगी।
जिले में समर्थन मूल्य पर अन्य राज्यों की धान न आने पाये और यहां की धान अन्य राज्यों में न जाने पाये इसके लिए मंडी, वन एवं पुलिस के अधिकारियों का दल बनाकर जिले के सभी नाकों में वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिये गये हैं। उल्लेखनीय है कि गत वर्ष समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी के लिए जिले के एक लाख 13 हजार 782 किसानों का पंजीयन किया गया था। गत वर्ष जिले में 89 हजार 86 किसानों से 40 लाख 78 हजार 683 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी की गई थी। इस वर्ष समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए 16 सितम्बर से 06 नवंबर 2019 तक जिले के एक लाख 16 हजार 88 किसानों का पंजीयन किया गया है।
Tags
dhar-nimad