उपचुनाव के प्रचार के बाद पूर्व मुख्यमंत्री चौहान दिखे रिलेक्स मोड में
ग्रामीणों के बीच किया भोजन तो बच्चों के साथ खिंचाई फोटो
झाबुआ (अली असगर बोहरा) - पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान आजकल झाबुआ में है एवं झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार भानू भूरिया के पक्ष में मतदाताओं से लगातार संपर्क कर रहे हैं। भानू भूरिया व भाजपा को जिताने के लिए शिवराजसिंह चौहान वे सारे जतन कर रहे हैं जो एक मंजे हुए राष्ट्रीय नेता को करना चाहिए। इस दौरान पिछले दिनों उन्होंने एक महत्ती सभा में भानू भूरिया को जिताने कर विधानसभा में भेजने की अपील मतदाताओं से की एवं कमलनाथ सरकार को जमकर आड़े हाथों भी लिया था। झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में वे रिलेक्स मोड में भी नजर आए। आज वे एक ग्राम में सुबह-सुबह चाय की चुस्कियां लेते दिखाई दिए तो वहीं उन्हें कुछ ग्रामीण बच्चे नजर आए जिसके बाद उन्होंने उन बच्चों को अपने पास बुलाया और वीडियो बनाई और फोटो भी क्लिक करवाए। तो वहीं ग्राम में वे खुले आसमान के नीचे भोजन का लुत्फ उठाते दिखाई दिए। वीडियो वायरल हुआ जिसमें शिवराजसिंह चौहान एक ग्रामीण परिवेश में जमीन पर बैठकर दाल-पूड़ी व सब्जी बड़े चाव से खाते दिखाई दिए। इस दौरान सांसद गुमानसिंह डामोर भी भोजन का मजा लेते नजर आए व ग्रामीणों के साथ भोजन कर रहे पूर्व मुख्यमंत्री चौहान को देखने के लिए बच्चे भी जुटे। इस दौरान ग्रामीण महिलाएं पूड़ी पकाते तलते नजर आई। उपचुनाव में सुदूर ग्रामीण अंचलों मेें घरों-घरों भाजपा के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के दौरान नेताओं के रिलेक्स मोड की तस्वीरे व वीडियो वायरल होते हैं। इस प्रकार शिवराजसिंह चौहान भी विधानसभा उपचुनाव में प्रचार के बाद रिलेक्स मूड में नजर आए ग्रामीणों से बातचीत की तो बच्चों के साथ अपना कुछ समय बिताया। वहीं गौवंशीय पशु ले जा रहे एक ग्रामीण से बातचीत की और गाय माता को दुलराते इस दौरान नजर आए। बहरहाल, आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है और शनिवार शाम 5 बजे प्रचार खत्म हो जाएगा और भाजपा कांग्रेस पार्टियों के नेता अब कोशिश करेंगे कि मतदाता उन्हें जिताए लेकिन 21 अक्टूबर को मतदान के बाद 24 अक्टूबर को यह साफ हो जाएगा कि इस बार कौन सा नेता डबल दीपावली मनाएगा यानी जमकर पटाके फोड़ेंगे और कौन सी पार्टी के नेताओं का दिवाला निकलेगा.....?


