संस्कृति मंत्री ने विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
खरगोन (हर्ष गुप्ता) - प्रदेश की चिकित्सा शिक्षा, आयुष एवं संस्कृति मंत्री डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ ने महेश्वर जनपद के कई गांवों में भ्रमण कर ग्रामीणों से रूबरू होकर उनके समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। उनके द्वारा बबलई के उमावि में 17.88 लाख रूपए की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल का भूमिपूजन किया। इसके अलावा गुर्जर मोहना, आशापुर के आवल्या गांव व रावड़घाटी, बड़ा भेडल्या व मादमुर में 5-5 लाख रूपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इसके अलावा उनके द्वारा बड़वेल की उमावि की 16.97 लाख रूपए की लागत व आयुष औषधालय की 4.39 लाख रूपए की लागत से बनने वाली बाउंड्रीवाल का भी भूमिपूजन किया गया।
इस तरह सोमवार को संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ ने 73.24 लाख रूपए के नवीन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही उन्होंने इटावदी के उमावि के लिए बाउंड्रीवाल का भी भूमिपूजन किया। निर्माण कार्यों को लेकर संस्कृति मंत्री डॉ. साधौ संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा समय पर पूर्ण करने की हिदायत दी है। इस दौरान अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags
khargon