सांई मंदिर के पाटोत्सव में जिले से शामिल हुए श्रद्धालु
थांदला (कादर शेख) - समीपस्थ राजस्थान प्रांत के कुशलगढ़ नगर में स्थित सांई मंदिर का 9वां पाटोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। पाटोत्सव अवसर पर विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर पर आकर्षक विद्युत सज्जा के साथ समिति की ओर से विशाल भण्डारे का आयोजन भी किया गया। ज्ञातव्य है कि विगत 8 वर्षो से मंदिर समिति द्वारा उक्त आयोजन विशाल स्तर पर किया जाता रहा है। इस वर्ष मंदिर पर की गई विद्युत सज्जा आकर्षण का केन्द्र रही। दोपहर में तेज बारिश के बावजूद भक्त धर्मलाभ लेते रहे। मंदिर समिति के प्रभारी हेमंत पंड्या के अतिरिक्त पार्षद दिनेश परिहार, दुर्गा शंकर शर्मा, देव शंकर पंड्या, राजेश भाटिया, हर्षवर्धन पंड्या, मनीष नीमा, जयेश पंड्या आदि ने व्यवस्थाओं का जिम्मा सम्हाला। जिले से पाटोत्सव में शामिल होने के लिये अटल सामाजिक सेवा संस्थान के राजू धानक, पटलिया समाज के जवसिंह परमार, राठौड़ समाज से जगमोहन राठौड़, दिनेश छाजेड़, पूर्व सरपंच बदिया भाई, मकना भाई, सोहन देवल, अमरसिंह डामोर, प्रथा बाई आदि पहुंचे तथा भक्ति आराधना का धर्मलाभ लिया। उक्त जानकारी मंदिर के प्रवक्ता व पत्रकार अरूण जोशी ने दी।
