![]() |
| रीवा NSUI में बड़ा फेरबदल, जिला उपाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों ने दिया सामूहिक इस्तीफा |
इस्तीफा देने वालों में जिला उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बौद्ध, जिला महासचिव राजवीर कुशवाहा, जिला कोषाध्यक्ष पुष्पेंद्र पटेल और पूर्व इकाई अध्यक्ष निष्कर्ष मिश्रा के नाम शामिल हैं। पदाधिकारियों ने पत्र में संगठन में लंबे समय से काम करने के दौरान सामने आई परिस्थितियों पर असहमति जताई है।
शिक्षकों पर दबाव का भी लगाया आरोप
इस्तीफा पत्र में विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के प्रोफेसरों एवं शिक्षकों पर कथित रूप से दबाव बनाए जाने तथा संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पदाधिकारियों का कहना है कि वर्तमान परिस्थितियों में संगठन जिस तरीके से काम कर रहा है, वह उनकी अपेक्षाओं और मूल विचारधारा के अनुरूप नहीं है।
इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों ने कहा कि NSUI की विचारधारा महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, नैतिकता और जनसेवा जैसे सिद्धांतों पर आधारित है। उनका आरोप है कि मौजूदा परिस्थितियों में संगठन की कार्यप्रणाली इन मूल सिद्धांतों से अलग दिखाई दे रही है।
प्रदेश नेतृत्व से निष्पक्ष जांच की मांग
पदाधिकारियों ने प्रदेश नेतृत्व से सामूहिक इस्तीफा स्वीकार करने के साथ पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और उचित कार्रवाई की मांग की है। एक साथ कई पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद रीवा NSUI की अंदरूनी स्थिति को लेकर संगठन में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
अब निगाहें NSUI के प्रदेश नेतृत्व पर हैं कि वह इस्तीफे और पदाधिकारियों की ओर से लगाए गए आरोपों पर क्या रुख अपनाता है और मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है।
