पॉश कॉलोनी में फिर लाखों की चोरी, CCTV के बावजूद बेखौफ चोर

 

पॉश कॉलोनी में फिर लाखों की चोरी, CCTV के बावजूद बेखौफ चोर


रीवा। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र की पॉश श्रीजी वृंदावन कॉलोनी में एक बार फिर चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पार कर दी। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी के लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण सहित नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक पुष्पराज त्रिपाठी दोपहर करीब एक बजे मकान में ताला लगाकर गांव गए थे। कुछ समय बाद पड़ोसी प्रभात सिंह ने फोन कर मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। रीवा लौटने पर त्रिपाठी ने घर के अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे।

फरियादी के अनुसार चोर सोने के कंगन की जोड़ी, मंगलसूत्र, कान के झुमके, तीन अंगूठियां, चांदी के कमरबंद, छह पायल और नकदी चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर विश्वविद्यालय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

CCTV के बावजूद पुराने मामलों का सुराग नहीं

रहवासियों के मुताबिक श्रीजी वृंदावन कॉलोनी में पिछले वर्ष भी कई मकानों में लाखों रुपये की चोरी हो चुकी है। इन घटनाओं में पुलिस को CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराए गए थे, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। अब ताजा वारदात के बाद फिर CCTV फुटेज पुलिस को सौंपे गए हैं।

रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में न्यायिक अधिकारियों, वरिष्ठ अधिकारियों और क्लास-वन अधिकारियों के मकान होने के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय और चिंता बढ़ रही है।

अब पुलिस के सामने ताजा वारदात का खुलासा करने के साथ पुराने चोरी के मामलों के आरोपियों तक पहुंचने की चुनौती भी है। रहवासियों को उम्मीद है कि CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post