![]() |
| रीवा जिला औषधि भंडार की कमान राजेश कुमार मिश्रा को, रविप्रकाश दुबे को तत्काल प्रभार सौंपने के निर्देश |
रीवा। स्वास्थ्य विभाग में प्रशासनिक फेरबदल के तहत जिला औषधि भंडार (सीएमएचओ स्टोर) रीवा का संपूर्ण प्रभार फार्मासिस्ट ग्रेड-1 राजेश कुमार मिश्रा को सौंपा गया है। क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, रीवा संभाग ने 29 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर उन्हें आगामी आदेश तक स्टोर का प्रभारी नियुक्त किया है। साथ ही फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रविप्रकाश दुबे को स्टोर से संबंधित समस्त प्रभार तत्काल राजेश कुमार मिश्रा को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, प्रमुख सचिव लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग भोपाल के 26 सितंबर 2026 तथा आयुक्त संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं मध्यप्रदेश के 7 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के पालन में सीएमएचओ रीवा कार्यालय द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को डेपुटेशन एवं संलग्नीकरण संबंधी आदेश निरस्त किए गए थे। इसके तहत जिला चिकित्सालय रीवा में पदस्थ फार्मासिस्ट ग्रेड-2 रविप्रकाश दुबे की जिला औषधि भंडार में की गई डेपुटेशन समाप्त कर उन्हें मूल पदस्थापना स्थल के लिए कार्यमुक्त किया गया था।
इसके बाद क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ने सीएमएचओ कार्यालय रीवा में पदस्थ फार्मासिस्ट ग्रेड-1 राजेश कुमार मिश्रा को जिला औषधि भंडार का संपूर्ण प्रभार तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक सौंपने का निर्देश दिया।
तत्काल सौंपना होगा स्टोर का पूरा प्रभार
आदेश की प्रतिलिपि में रविप्रकाश दुबे को निर्देशित किया गया है कि वे स्टोर से संबंधित सभी प्रभार राजेश कुमार मिश्रा को तत्काल हस्तांतरित कर अपनी उपस्थिति सिविल सर्जन सह-मुख्य अस्पताल अधीक्षक, जिला चिकित्सालय रीवा को दें। वहीं राजेश कुमार मिश्रा को भी निर्देशित किया गया है कि वे दुबे से समस्त प्रभार प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
अभिलेख और दवाओं के स्टॉक का हस्तांतरण अहम
आदेश जारी होने के बाद अब इसके वास्तविक क्रियान्वयन पर नजर रहेगी। जिला औषधि भंडार से संबंधित दवाओं का उपलब्ध स्टॉक, वितरण रिकॉर्ड, भंडारण संबंधी अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेजों का विधिवत हस्तांतरण महत्वपूर्ण है। ऐसे में यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि प्रभार सौंपने और लेने की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो तथा स्टॉक का भौतिक सत्यापन भी नियमानुसार किया जाए।
अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि क्षेत्रीय संचालक के आदेश का पालन किस तरह और कितनी तत्परता से किया जाता है।
