रीवा में आधुनिक अटल ग्राम सेवा सदन का लोकार्पण, 37 लाख की लागत से तैयार हुआ भवन

रीवा में आधुनिक अटल ग्राम सेवा सदन का लोकार्पण, 37 लाख की लागत से तैयार हुआ भवन

रीवा। सगरा ग्राम पंचायत में 37 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अटल ग्राम सेवा सदन एवं अटल सामुदायिक भवन का उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने लाखों रुपये की लागत से पूर्ण हुए अन्य विकास कार्यों का भी लोकार्पण किया।

लोकार्पण के बाद उप मुख्यमंत्री ने पूरे भवन परिसर का निरीक्षण किया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित भवन की उन्होंने सराहना करते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच को शुभकामनाएं दीं। भवन में डिजिटल सुविधाओं के साथ बैठक व्यवस्था, लाइट-पंखे, गेस्ट रूम, मीटिंग हॉल और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण इकाई हैं। पंचायत कार्यालय व्यवस्थित और सुविधायुक्त होंगे तो विकास कार्यों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भी बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में ग्रामीण विकास, शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और महिला सशक्तिकरण शामिल हैं। इन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पंचायतों को मजबूत और व्यवस्थित बनाना जरूरी है। इसी दिशा में प्रदेश की पंचायतों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन विकसित किए जा रहे हैं।

अटल ग्राम सेवा सदन के निर्माण से ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ बैठकों और शासकीय गतिविधियों के लिए आधुनिक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post